23 army personnel missing due to sudden flood in Sikkim

Sikkim Flood: पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम में अचानक आई बाढ़ से भयंकर तबाही की खबरें मिल रही हैं। सिक्किम में लोनार्क झील के टूटने से बुधवार को कई इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई। निचले इलाकों और तीस्ता नदी के किनारे रहने वाले लोगों को अचानक बाढ़ की चेतावनी दी गई है। तीस्ता नदी का पानी  सिंगतम और रंगपो जैसे निचले इलाकों में घुस गया है, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। राज्य में आई प्राकृतिक आपदा की भयानक तस्वीरें और वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं।

देर रात अचानक आई बाढ़ में  सेना के 23 जवानों समेत कम से कम 30 लोग लापता होने की खबर है। जिनकी तलाश की जा रही है। बाढ़ आने का कारण सिक्किम के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संभावित बादल फटना माना जा रहा है। हालाँकि मौसम विभाग के मुताबिक, सिक्किम में जो तबाही आई है वह इस इलाके में ग्लेशियर के पिघले पानी से बनी झीलों के फटने से हुई है। वैज्ञानिकों की भाषा में इसको ‘ग्लेशियल लेक आउट बर्स्ट फ्लड’ (GLOF) कहते हैं। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि जिस तरह से ग्लेशियर के निचले इलाकों में ऐसी झीलें बनी हैं, वह इस तरह की आने वाले समय में और भी बड़ी आपदाएं पैदा कर सकती हैं।

नेशनल हाईवे 10, जिसे सिक्किम की जीवन रेखा माना जाता है और कई स्थानों पर नदी में आई बाढ़ की वजह से प्रभावित हुआ है। सड़क कई जगह पर बह गई है। सिक्किम राज्य के आपदा प्रबंधन निदेशक प्रभाकर राय ने कहा, “हमें मंगलवार रात 10 बजे के आसपास खबर मिली कि तीस्ता नदी और लाचेन क्षेत्र में जल स्तर बढ़ गया है। यह शायद बादल फटा था। हम इसे सत्यापित करने की कोशिश कर रहे हैं।”

फिलहाल अभी तक जिस तरीके की जानकारियां सामने मिल रही है। उसके मुताबिक चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने के कारण नीचे की ओर 15-20 फीट की ऊंचाई तक जल स्तर अचानक बढ़ गया। इससे सिंगताम के पास बारदांग में खड़े सेना के वाहन प्रभावित हो गए हैं। 23 जवानों के लापता होने की सूचना है और कुछ वाहनों के कीचड़ में डूबे होने की खबर है।

मुख्यमंत्री ने लिया हालात का जायजा

इस बीच मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सिंगताम में स्थिति का जायजा लिया। वहं भाजपा नेता उग्येन शेरिंग ग्यात्सो भूटिया ने कहा कि सिंगताम में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन सार्वजनिक संपत्तियों को भारी क्षति हुई है। कुछ लोगों के लापता होने की भी जानकारी मिली है।

राज्य में हाई अलर्ट

सिक्किम सरकार ने राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों से तीस्ता नदी से दूर रहने की अपील की है।पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नदी के निचले जलग्रहण क्षेत्र से लोगों को निकालना शुरू कर दिया है। डिकचू और टूंग में दो स्थायी पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। जान बचाने के लिए बीआरओ कर्मियों द्वारा स्थानीय लोगों को बचाया जा रहा है और बचाव अभियान जारी है।