Chandrayaan-3 Pragyan-rover-Vikram-Lander

Pragyan Rover captured Vikram Lander pic: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने चंद्रयान-3 के रोवर प्रज्ञान पर लगे नेविगेशन कैमरे (नवकैम) द्वारा ली गई एक तस्वीर साझा की, जिसमें विक्रम लैंडर को देखा जा सकता है। यह तस्वीर इसरो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की। इसरो ने बताया कि रोवर प्रज्ञान ने 30 अगस्त को भारतीय समयनुसार सुबह 7.35 बजे यह तस्वीर खींची। लैंडर और रोवर को एक चंद्र दिवस (पृथ्वी के 14 दिन के बराबर) तक कार्य करने के लिए विकसित किया गया है।

इसरो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के आधिकारिक हैंडल पर कहा, ‘‘चंद्रयान -3 मिशन: कृपया मुस्कुराएं! प्रज्ञान रोवर ने आज सुबह विक्रम लैंडर की एक तस्वीर क्लिक की।‘मिशन की तस्वीर’रोवर पर लगे नेविगेशन कैमरे (नवकैम) ने ली है।’’

आज यानी 30 अगस्त को प्रज्ञान का चांद पर 8वां दिन है। इसरो ने  चंद्रयान-3 के जरिए बड़ी खोज की है। रोवर प्रज्ञान के पेलोड ने चांद पर कई पदार्थों की मौजूदगी का पता लगाया है।  प्रज्ञान ने चंद्रमा के दक्षिण ध्रुवीय क्षेत्र में एल्यूमीनियम, सल्फर, कैल्शियम, लोहा, क्रोमियम और टाइटेनियम सहित कई रासायनिक पदार्थों की उपस्थिति की खोज की है और हाइड्रोजन की खोज जारी है। इसके साथ ही प्रज्ञान ने चांद की सतह पर तापमान की माप की है।

चंद्रमा की सतह के थर्मल व्यवहार को समझने के लिए चाएसटीई (चंद्रा का सतह थर्मोफिजिकल एक्सपेरिमेंट) ध्रुव के चारों ओर चंद्रमा की ऊपरी मिट्टी के तापमान प्रोफाइल को मापता है। इसमें एक नियंत्रित प्रवेश तंत्र से सुसज्जित तापमान जांच है, जो सतह के नीचे 10 सेमी की गहराई तक पहुंचने में सक्षम है। जांच में 10 व्यक्तिगत तापमान सेंसर लगे हैं।

इसरो ने कहा है कि चंद्रयान-3 मिशन के तीन उद्देश्यों में से दो – चंद्रमा की सतह पर सुरक्षित और नरम लैंडिंग का प्रदर्शन और दूसरा चंद्रमा पर रोवर की गति का प्रदर्शन हासिल कर लिया गया है, जबकि तीसरा इन-सिटू वैज्ञानिक प्रयोग चल रहा है।