Femina Miss India 2023

Femina Miss India 2023: ब्यूटी पेजेंट फेमिना मिस इंडिया का 59वां संस्करण इस साल मणिपुर में इंफाल के खुमान लंपक के इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया। राजस्थान के कोटा की रहने वाली 19 साल की नंदिनी गुप्ता ने फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2023 का खिताब अपने नाम किया है। देश की 59वीं मिस इंडिया नंदिनी को पूर्व मिस इंडिया सिनी शेट्टी ने ताज पहनाया।

कौन बना रनर-अप?

ब्यूटी पेजेंट में देशभर की लड़कियों ने हिस्सा लिया था, लेकिन ब्लैक गाउन में 19 साल की नंदिनी ने अपनी खूबसूरती और कॉन्फिडेंस से हर किसी को अपना दीवाना बना लिया। इसके साथ ही नंदिनी ने सबको पछाड़ते हुए ‘खूबसूरती का ताज’ अपने नाम कर लिया है। मिस इंडिया बनने के बाद नंदिनी अब मिस वर्ल्ड के अगले सीजन में देश को रिप्रेजेंट करेंगी। वहीं, दिल्ली की श्रेया पूंजा फर्स्ट रनर अप बनीं जबकि मणिपुर की थौनाओजम स्ट्रेला लुवांग सेकेंड रनर-अप रहीं। मिस इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के मुताबिक, नंदिनी प्रियंका चोपड़ा को अपना आइडल मानती हैं। वे एक्ट्रेस से काफी इंस्पायर हैं।

मिस इंडिया 2023 नंदिनी गुप्ता राजस्थान के कोटा शहर की रहने वाली हैं। मिस इंडिया बनने से पहले नंदिनी मॉडलिंग भी कर रही थीं। हांलाकि करियर के साथ-साथ पढ़ाई को भी उन्होंने अपनी प्राथमिकता में रखा है। नंदिनी ने सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल से पढ़ाई की है। फिलहाल वह लाला लाजपत राय कॉलेज से बिज़नेस मैनेजमेंट में ग्रेजुएशन कर रही हैं।