बेंगलुरु : कोरोना वायरस (COVID-19) से भारत में पहली मौत की पुष्टि हुई है। कर्नाटक के कलबुर्गी में मंगलवार को एक 76 साल के बुजुर्ग मोहम्मद हुसैन सिद्दीकी की मौत हो गई थी। वह हाल ही में सऊदी अरब से लौटे थे। जिस पर कोरोना वायरस का संक्रमण होने का शक था। इसको देखते हुए उसना शव जांच के लिए अस्पताल में रखा गया था। गुरुवार को जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर बुजुर्ग के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी मामले की पुष्टि कर दी है। मंत्रालय का कहना है कि बुजुर्ग को और भी कई बीमारियां थीं जिनमें हाइपरटेंशन और अस्थमा शामिल है। हालांकि सैंपल में कोरोना वायरस की भी पुष्टि हुई है। अब स्वास्थ्य विभाग इस बात का पता लगा रहा है कि यह बुजुर्ग कितने लोगों के संपर्क में आए थे। तेलंगाना सरकार को भी इसकी जानकारी दे दी गई है कि सिद्दीकी कोरोना से संक्रमित थे। दरअसल, अधिकारियों को इस बात का पता चला है कि इलाज के लिए सिद्दीकी तेलंगाना के भी एक अस्पताल में गए थे। भारत में कोरोना वायरस के 16 नए मामले सामने आने के बाद इससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 76 हो गई है। दिल्ली में अबतक कोरोना वायरस के 6 मामले, हरियाणा में 14, केरल में 17, राजस्थान में 3, तेलंगाना में 01, उत्तर प्रदेश 11, लद्दाख में 03, तमिलनाडु में 01, जम्मू-कश्मीर में 01, पंजाब में 01, कर्नाटक में 04 और महाराष्ट्र में 11 मामले सामने आ चुके हैं। जबकि दुनियाभर में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या अब एक लाख 30 हजार से ज्यादा हो गई है।




