heat waves

नई दिल्ली: दिल्ली/एनसीआर सहित देश के अधिकांश हिस्से गर्मी का कहर जारी है। राजस्थान सहित देशभर में अब तक लू के थपेड़ों से करीब 30 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी तापमान 45 से 46 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।

गर्मी से सबसे ज्यादा बुरा हाल राजस्थान में हो रहा है। यहाँ गर्मी ने 75 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शुक्रवार को राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 49.6 डिग्री तक पहुंच गया था, जो अब तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान रहा है। इससे पहले श्रीगंगानगर में 30 मई 1944 को अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अलावा यूपी में भी गर्मी और लू ने लोगों का जीना मुश्किल कर रखा है। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में पारा 48 के आसपास पहुंच गया। जबकि कानपुर में तापमान 46.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बल्कि पहाड़ो की रानी शिमला में शुक्रवार दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया। ऊना जिले में पारा 44.7 डिग्री सेल्सियस को छू गया। हरियाणा में पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया। देहरादून में भी शुक्रवार को इस साल का सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। दोपहर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री पार हो गया। मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं।