punjab-assembly-election-2022

Punjab Election 2022 : पंजाब में विधानसभा चुनाव 2022 के लिए होने वाले मतदान की तारीख आगे बढ़ा दी गई है। अब पंजाब में 20 फरवरी को मतदान होगा। आज चुनाव आयोग की बैठक में यह निर्णय लिया गया। दरअसल पंजाब में पहले 14 फरवरी को मतदान होना था। जबकि 16 फरवरी को गुरु रविदास जी की 645वीं जयंती है। ऐसे में लाखों लोग उनके जन्मस्थान गोवर्धनपुर जाते हैं। यह स्थान उत्तर प्रदेश के वाराणसी में है। लोग 13-14 फरवरी से ही स्पेशल ट्रेनों के जरिए रवाना हो जाएंगे।

इसी को लेकर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सहित तमाम राजनितिक दलों ने चुनाव आयोग से रविदास जयंती के मद्देनजर चुनाव को स्थगित करने का अनुरोध किया था। बता दें कि गुरु रविदास जयंती पर पंजाब के एससी समुदाय के लोग वाराणसी जाते हैं। इसी कारण मतदान को टालने की मांग तेज हो रही थी। अब पंजाब चुनाव के लिए अधिसूचना 25 जनवरी को जारी होगी। नामांकन पत्र एक फरवरी तक भरे जाएंगे। चार फरवरी तक उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट बन जाएगी। पंजाब में मतदान की तारीख आगे बढ़ाने पर पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिद्धू ने कहा कि हम पंजाब विधानसभा चुनाव को स्थगित करने के चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत करते हैं।