Char Dham Yatra 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऋषिकेश से चारधाम यात्रा-2026 का औपचारिक शुभारम्भ कर दिया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चार धाम जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गौरतलब है कि 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। जबकि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे।

मुख्यमंत्री ने देश भर से आए श्रद्धालुओं का उत्तराखंड में स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा – आस्था, साधना और आत्मा को जोड़ने का मार्ग है। यह यात्रा हर कठिनाई को पार करने की शक्ति देती है। उन्होंने कहा सरकार का संकल्प है कि यात्रा सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य हो। चारधाम यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है।

मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थलों एवं यात्रा मार्ग में विशेष स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा उत्तराखंड के कण-कण में भगवान का वास है, इस पवित्रता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा इस वर्ष ग्रीन चारधाम यात्रा और प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ धाम का लक्ष्य निर्धारित किया है। यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सभी वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है। उन्होंने कहा जैसे हम अपने घर के मंदिर को साफ और पवित्र रखते हैं, वैसे ही देवभूमि को भी स्वच्छ और पवित्र बनाए रखना है।

18 लाख से अधिक श्रद्धालु करा चुके रजिस्ट्रेशन

चारधाम यात्रा के लिए अब तक 18 लाख से अधिक श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। यात्रा हरिद्वार या ऋषिकेश से शुरू होकर, यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और अंत में बद्रीनाथ जाती है। अप्रैल-मई में पहाड़ों पर मौसम ठंडा रहता है, इसलिए गर्म कपड़े साथ रखना अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड/पहचान पत्र और मोबाइल नंबर जरूरी है।

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, अध्यक्ष हेमकुंड गुरुद्वारा ट्रस्ट नरेंद्रजीत बिंद्रा, भास्करानंद भारद्वाज, जितेंद्र नेगी, अजय सिंह, मनोज ध्यानी, संजय शास्त्री, भोपाल सिंह नेगी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

चारधाम यात्रा 2026 कपाट खुलने की तिथियां

  1. यमुनोत्री धाम= 19 अप्रैल 2026
  2. गंगोत्री धाम= 19 अप्रैल 2026
  3. केदारनाथ धाम= 22 अप्रैल 2026
  4. बद्रीनाथ धाम= 23 अप्रैल 2026