sonia-gandhi-congress-president

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के बाद से बिना अध्यक्ष के चल रही कांग्रेस पार्टी को आख़िरकार आज नया अध्यक्ष मिल गया है। करीब ढाई महीने बाद देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी (कांग्रेस) को सोनिया गांधी के रूप में एक बार फिर नई अध्यक्ष मिल गई है। आज दिनभर कई दौर तक चली CWC बैठक के बाद यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी को कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया है।

पहले राउंड की बैठक के बाद यह आम राय बनी कि राहुल गांधी को पार्टी का नेतृत्व करते रहना चाहिए, हालांकि राहुल गांधी ने पहले ही साफ कर दिया था कि वह अपने इस्तीफे के फैसले पर अटल हैं और इस पर पुर्निवचार नहीं करेंगे।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई दिग्गजों के नाम पर चर्चा चलती रही। जिनमे मुख्य रूप से  मुकुल वासनिक, मल्लिकार्जुन खड़गे, सुशील कुमार शिंदे, सचिन पायलट जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं। वहीँ राहुल गांधी को मनाने की भी कोशिशें चलती रहीं।

आख़िरकार शनिवार देर रात कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक के बाद सोनिया गांधी को एक बार फिर कांग्रेस का नया अंतरिम अध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया गया है। सोनिया गांधी इससे पहले भी 1998 से 2017 तक कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष रह चुकी हैं।