UP-Bihar-BHAIYA

पंजाब विधानसभा चुनाव प्रचार खत्म होने में अभी एक दिन और बाकी है लेकिन उससे पहले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का बुधवार को दिया गया बयान कांग्रेस के लिए भारी पड़ने लगा है। बता दें कि 18 फरवरी शाम 5 बजे पंजाब में चुनाव प्रचार खत्म हो जाएगा और 20 फरवरी को एक चरण में वोट डाले जाएंगे। लेकिन उससे पहले पंजाब में उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को लेकर भारतीय जनता पार्टी, जेडीयू और आम आदमी पार्टी ने सीएम चन्नी और कांग्रेस की घेराबंदी करनी शुरू कर दी है। बात को आगे बढ़ाने से पहले जान लेते हैं पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने यूपी-बिहार के लोगों को लेकर बुधवार को क्या कहा था।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पार्टी का प्रचार करने पंजाब रूपनगर पहुंची थीं। इसी दौरान एक जनसभा मे प्रियंका के साथ में खड़े सीएम चन्नी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा था कि, ‘प्रियंका पंजाबियों की बहू है, सारे पंजाबियों एक हो जाओ, जो यूपी, बिहार और दिल्ली से आकर यहां आकर राज करना चाहते हैं उनको सफल नहीं होने देना है। यानी यूपी-बिहार के लोगों को यहां घुसने नहीं देना है। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी को पंजाब में कांग्रेस को घेरने के लिए मौका मिल गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पंजाब के अबोहर में रैली को संबोधित किया।

इस मौके पर उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें चन्नी ने यूपी-बिहार के भइयों का जिक्र किया था। मोदी बोले कि कांग्रेस हमेशा से एक क्षेत्र के लोगों को दूसरे से लड़ाती रही है। मोदी बोले- कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने बयान दिया और दिल्ली के परिवार के मालिक ने बगल में खड़े होकर तालियां बजाईं। यह पूरे देश ने देखा है। अपने इन बयानों से किसका अपमान किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कहती है कि उत्तर प्रदेश के भइयों को घुसने नहीं देंगे। क्या संत रविदास जी को भी निकाल दोगे। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का जन्म भी पटना बिहार में हुआ। कांग्रेस कहती है कि बिहार के लोगों को घुसने नहीं देंगे।

चन्नी के बयान पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जताई कड़ी नाराजगी

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीएम चन्नी के इस बयान पर हैरानी जताते हुए कहा है कि पंजाब में बिहार के लोगों की कितनी बड़ी भूमिका है। पता नहीं लोग कैसे इस तरह से बाते करते हैं। सीएम नीतीश ने आगे कहा कि पंजाब में बिहार के लोगों की कितनी बड़ी भूमिका है, बिहार के लोगों ने कितनी सेवा की है। हमें तो आश्चर्य होता है कि ऐसी बात लोग कैसे बोल देते हैं।

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सीएम चन्नी के इस बयान के बाद कांग्रेस पर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा है कि चन्नी के बयान से साफ है कि कांग्रेस की नीति विभाजनकारी है‌। चन्नी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केजरीवाल ने कहा कि यह बहुत ही शर्मनाक है। किसी खास समुदाय अथवा किसी को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाकर दिए गए बयानों की वह निंदा करते हैं। प्रियंका गांधी भी यूपी बिहार से ताल्लुक रखती हैं। ऐसे में वह भी ‘भैया’ हैं। बता दें कि महाराष्ट्र खास तौर पर मुंबई में यूपी बहार के लोगों को ‘भैया’ कहकर संबोधित किया जाता है । सही मायने में यह शब्द यूपी-बिहार के लिए महाराष्ट्र में व्यंग्यात्मक के रूप में प्रयोग किया जाता है।

शंभू नाथ गौतम