ashian-games-2018

एशियन गेम्‍स 2018: जकार्ता में चल रहे 18वें एशियाई खेलों के छठे दिन आज भारत ने दो स्वर्ण पदक अपने नाम किये। शुक्रवार को भारत को पहला स्वर्ण रोइंग इवेंट में मिला। रोइंग (नौकायन) की क्‍वाड्रुपल स्‍कल्‍स इवेंट में भारत के वर्ण सिंह, दत्‍तू भोकानल, ओमप्रकाश और सुखमीत सिंह ने देश को स्‍वर्ण पदक जीता। उसके बाद टेनिस के पुरुष डबल्‍स मुकाबले में रोहन बोपन्‍ना और दिविज शरन की जोड़ी ने कजाकिस्‍तान के अलेक्‍जेंडर बबलिक और डेनिस येवसेयेव को 6-3, 6-4 से पराजित कर देश को एशियन गेम्‍स 2018 का छठा स्‍वर्ण दिलाया। भारत 6 स्वर्ण पदक सहित कुल 25 पदकों के साथ अंकतालिका में 8वें स्थान पर है।

हॉकी में  भारत की लगातार तीसरी जीत, जापान को 8-0 धोया

एशियाई खेलों की पुरुष हॉकी स्पर्धा के तीसरे मैच में आज भारत ने जापान को 8-0 से हराकर टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत हासिल की। आज खेले गए मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम शुरू से ही जापान पर हावी रही. पहले हाफ में भारतीय टीम 3-0 से आगे चल रही थी. दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने लगातार आक्रमण जारी रखे और जापान को सँभालने का मौका नहीं दिया और अंत में यह मैच 8-0 से जीतकर लगातार तीसरी जीत अर्जित की, भारतीय पुरुष हॉकी टीम अब तक इस टूर्नामेंट के तीन मैचों में कुल 51 गोल कर चुकी है।

इसके अलावा महिलाओं की कबड्डी प्रतियोगिता में आज का दिन भारत के लिए निराशाजनक रहा। स्वर्ण पदक की प्रबल दावेदार मानी जा रही भारतीय महिला कबड्डी टीम को आज फाइनल में ईरान के हाथों 24-27 से हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के साथ महिला टीम को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। इससे पहले, भारत की पुरुष कबड्डी टीम भी सेमीफाइनल में ईरान से हारकर कांस्‍य पदक ही हासिल कर पाई थी।

यह भी पढ़ें: 

हॉकी में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत हॉन्ग कॉन्ग को 26-0 से रौंदा