ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब द्वारा आज नॉलेज पार्क स्थित शारदा विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। प्रेस क्लब के होली मिलन समारोह में पत्रकारों के अलावा पुलिस एवं प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी, राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े जनप्रतिनिधि तथा शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े पदाधिकारियों ने शिरकत की। इस मौके पर प्रेस क्लब की वार्षिक पत्रिका “शब्द मधु-2023” का भी विमोचन किया गया। इस दौरान फूलों से होली खेली गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, ग्रेटर नोएडा के पूर्व चेयरमैन बृजेश कुमार, शारदा विश्वविद्यालय के चांसलर पीके गुप्ता, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीपक अग्रवाल, गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, आईजी उत्तर प्रदेश पुलिस लव कुमार तथा ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब के अध्यक्ष धर्मेंद्र चंदेल ने दीप प्रज्जवलित कर किया।

दीप प्रज्वलन के तुरंत बाद बच्चों ने सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए होली पर आधारित गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी। वहीं मथुरा से आए कलाकारों ने मयूर नृत्य पेश कर सबका मन मोह लिया। इस अवसर पर शिक्षा, स्वास्थ, चिकित्सा के क्षेत्र में और शहर के विकास, मानव सेवा, पशु सेवा व प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही दीपक अग्रवाल संयुक्त सचिव, आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय भारत सरकार को विकास पुरुष सम्मान से नवाजा गया। जबकि लव कुमार आईपीएस अधिकारी को कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार के लिए व्यवस्था प्रहरी सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं पीके गुप्ता चांसलर शारदा विश्वविद्यालय को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय व सराहनीय कार्य करने पर शिक्षा भूषण  सम्मान से सम्मानित किया गया। डॉ. जीसी वैष्णव वरिष्ठ चिकित्सक को चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर चिकित्सा गौरव सम्मान दिया गया।  डॉ. अमित गुप्ता, सीनियर कंसल्टेंट व मधुमेह रोग विशेषज्ञ  को स्वास्थ के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए चिकत्सा जागरूकता सम्मान से नवाजा गया।

नॉलेज पार्क कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह की पत्नी ज्योति सिंह को मानव सेवा सम्मान से नवाजा गया। पेशे से एक निजी स्कूल में शिक्षिका ज्योति सिंह ने कोरोना काल के दौरान लावारिस हालत में मिली नवजात बच्ची को अपना स्तनपान कराकर उसकी जान बचाई थी। इस नेक कार्य के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। समाज सेवी राहुल गुर्जर को गौ सेवा के लिए पशु सेवा सम्मान दिया गया। अर्सलाइन कान्वेंट स्कूल की 10 वीं की छात्रा अंजलि सिन्हा को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मिलने पर प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया। अंजलि ने भ्रष्टाचार मुक्त भारत पर निबंध लिखा था।  प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों उन्होंने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया था।

इसके अलावा सोशल वेलफेयर के तहत ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब द्वारा महिला शक्ति उत्थान मंडल को गरीब युवतियों के सामूहिक विवाह के आयोजन के लिए सहयोग राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में राज्य सभा सांसद सुरेंद्र सिंह नगर, गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, ग्रेटर नोएडा के पूर्व चेयरमैन ब्रजेश कुमार, यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी मोहित बेनीवाल, प्राधिकरण के तमाम अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारीगण, ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों के अधिकांश आरडब्ल्यूए अध्यक्ष और फेडरेशन के अध्यक्ष, तमाम उद्यमी सामाजिक कार्यकर्ता, महिला संगठन आदि मौजूद रहे।