ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा शहर के सेक्टर बीटा-2 में बीते कुछ समय से बंदरों के बढ़ते आतंक से लोग परेशान हैं। सबसे ज्यादा बुरा हाल आई ब्लॉक का है। यहाँ बंदरों ने लोगों का जीना हराम कर दिया है। सुबह होते ही बंदरों की टोली घरों की छत तथा पार्क के किनारे पेड़ों में बैठ जाती हैं। तथा वहां से गुजर रहे बच्चों एवं महिलाओं पर हमला करने लगते हैं। स्थिति यह है कि लोगों ने छत पर जाना बंद कर दिया है। लोग अकेले पार्क में घूमने में भी डर रहे हैं। बंदरों की दहशत के चलते लोग बच्चों को अकेले बाहर भी नहीं भेज रहे हैं।  यही नहीं बंदर घर के अंदर तक घुसकर भी खाने पीने का सामान उठा ले जा रहे हैं।

बीते बुधवार को सेक्टर बीटा-2 के आई-ब्लॉक में एक पार्क में टहल रही एक बुजुर्ग महिला पर बंदरों ने अचानक हमला कर दिया। गनीमत रही कि आसपास के लोगों द्वारा शोर मचने से बन्दर महिला को ज्यादा नुकसान न पहुंचा सके और भाग खड़े हुए। सेक्टर वासियों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी घरों में काम करने वाली एक महिला पर आई ब्लॉक के पार्क के समीप ही बंदरों ने हमला कर दिया था। वहीँ शनिवार शाम को भी घर के बाहर खेल रहे 12 साल के बच्चे पर भी बन्दर ने झपट्टा मार दिया था।