पौड़ी गढ़वाल : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी की ओर से शनिवार को आयोजित ई-लोक अदालत में 47 वादों का निस्तारण किया गया। इसके लिए जिले भर में कुल 8 ई-लोक अदालत पीठ गठित की गई थी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी के तत्वाधान में शनिवार को आयोजित ई-लोक अदालत में कुल 329 वाद संदर्भित किये गये थे। लोक अदालत की जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व सिविल जज इन्दु शर्मा ने बताया कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के दिशा निर्देशों के अनुसार आयोजित ई-लोक अदालत में धन वसूली, मोटर दुर्घटना, 138 एनआई एक्ट, पारिवारिक विवाद, शमनीय प्रकृति के अपराधिक समेत अन्य वादों का भी निस्तारण किया गया। साथ ही प्री-लिटिगेशन के मामलों का भी निस्तारण किया गया। उन्होंने बताया कि जनपद में विभिन्न मामलों के करीब 329 वादों की सूची प्राप्त हुई थी। इसके तहत मुख्यालय पौड़ी हेतु गठित ई लोक अदालत पीठ सं. 1 द्वारा 5 वाद, ई-लोक अदालत पीठ सं. 2 द्वारा 9 वाद, ई-लोक अदालत पीठ सं. 3 द्वारा 3 वाद एवं बाह्य न्यायालय कोटद्वार हेतु गठित ई-लोक अदालत पीठ सं. 1 द्वारा 10 वाद, ई लोक अदालत पीठ सं. 2 द्वारा 8 वाद, ईलोक अदालत पीठ सं. 3 द्वारा 7 एवं बाह्य न्यायालय श्रीनगर हेतु गठित ई-लोक अदालत पीठ द्वारा 5 वादों सहित जिले भर में कुल 47 वाद निस्तारित किये गए।