National-Teacher-Award-2023

National Teacher Award 2023: भारत के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। शिक्षक दिवस पर हर साल शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले देशभर के शिक्षकों को राष्ट्रपति द्वारा शिक्षा के सर्वोच्च सम्मान राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए उत्तराखंड के शिक्षक दौलत सिंह गुसाईं समेत देशभर से कुल 50 शिक्षकों का चयन किया गया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक अवार्ड 2023 के लिए चयनित शिक्षकों की सूची जारी कर दी गयी है। शिक्षा मंत्रालय की संयुक्त सचिव की ओर से शनिवार को राष्ट्रीय शिक्षक अवार्ड 2023 की सूची राज्यों और प्रदेश स्कूली शिक्षा विभाग को भेजी गई है। इन शिक्षकों को पुरस्कार के रूप में प्रमाणपत्र और 50 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।  सभी शिक्षक तीन सितंबर को दिल्ली पहुंचेंगे। इस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से मिलने का मौका भी मिल सकता है।

आगामी 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के मौके पर दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश के 50 शिक्षकों को शिक्षा के सर्वोच्च सम्मान राष्ट्रीय शिक्षक अवार्ड 2023 से सम्मानित करेंगी।  केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने तीन स्तरों पर मेरिट के आधार पर इन शिक्षकों का चयन किया है। यह सम्मान पाने वाले उत्तर प्रदेश  के तीन और उत्तराखंड के एक शिक्षक हैं।

इन शिक्षकों को सर्वोच्च सम्मान

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए मध्यप्रदेश के पांच, बिहार और उत्तर प्रदेश के तीन-तीन, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और झारखंड के दो- दो शिक्षकों तथा उत्तराखंड से एक शिक्षक को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन किया गया है। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के अस्ती नगर की आसिया फारूखी, बुलंदशहर के शिव कुमार अग्रवाल जनता इंटर कॉलेज के चंद्र प्रकाश अग्रवाल, मेरठ के केएल इंटरनेशनल स्कूल के सुधांशु शेखर पांडा, हरियाणा से रेवाड़ी जिले के बुरोली सरकारी स्कूल के सत्यपाल सिंह, हिमाचल प्रदेश से कांगड़ा जिले के सरकारी स्कूल इंदौरा के विजय कुमार, पंजाब के लुधियाना के अमृतपाल सिंह, सेंट पॉल मित्तल स्कूल के भूपिंदर गोगिया, दिल्ली के एसकेवी लक्ष्मी नगर की आरती कानुंगो, पश्चिम विहार के सेंट मार्क सीनियर सेकेंडरी स्कूल की रितिका आनंद, चंडीगढ़ के सेक्टर 14 गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल के संजय कुमार, जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के रेयाज अहमद शेख, उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के राजकीय इंटर कॉलेज सेंधीखाल के शिक्षक दौलत सिंह गुसाई समेत 50 शिक्षकों को सर्वोच्च सम्मान दिया जाएगा।

शिक्षक दिवस’ पर दौलत सिंह गुसाईं को राष्ट्रीय पुरस्कार

शिक्षा के क्षेत्र में मिलने वाले सर्वोच्च सम्मान राष्ट्रीय शिक्षक अवार्ड पाने वाले 50 शिक्षकों की सूची में एक नाम उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के राजकीय इंटर कॉलेज सेंधीखाल के शिक्षक दौलत सिंह गुसाई का भी है। उनकी इस उपलब्धि पर सेंधीखाल विद्यालय परिवार सहित समस्त जनपद के शिक्षक गौरवान्वित हैं। राजकीय शिक्षक संघ पौड़ी के जिलाध्यक्ष बलराजसिंह गुसाईं एवं समस्त जिला कार्यकारिणी ने शिक्षक दौलत सिंह गुसाई इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निश्चित रूप से यह सम्मान सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका निभाने वाले शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी होगा।

यहाँ देखें पूरी लिस्ट