Pushkar Singh Dhami

UKSSSC bharti : UKSSSC पेपर लीक मामले के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा फैसला लिया है। धामी सरकार ने राज्य में गड़बड़ी वाली सभी भर्तियां रद्द करने का फैसला किया है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की ऐसी सभी भर्ती परीक्षाएं रद्द होंगी, जिनमें गड़बड़ी के साक्ष्य मिले हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को इस संबंध में आदेश दिए।

ये सभी भर्तियां नये सिरे से होंगी। इसके साथ ही गड़बड़ी के मामलों में पकड़े गए सभी आरोपियों को नौकरी से भी बर्खास्त किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में उजागर हुई कमियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने सभी दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलवाने पर जोर दिया। कहा कि दोषियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी हो और उनकी अवैध संपत्ति को जब्त करें, गैंगस्टर एक्ट भी लगाए। सीएम धामी ने कहा किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों में खाली पदों को स्वच्छ एवं पारदर्शी तरीके से यथाशीघ्र भरने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव डॉ. सुखबीर सिंह संधू, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, विशेष प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री अभिनव कुमार व सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगोली उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के आदेश के बाद स्नातक स्तरीय परीक्षा रद्द हो सकती है। इस परीक्षा में अब तक पूर्व भाजपा नेता हाकम सिंह समेत 22 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपियों से करीब 83 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। इनमें कई आरोपी ऐसे हैं, जिनकी करोड़ों रुपये की संपत्ति है। इन सबकी जानकारी एसटीएफ ने प्रवर्तन निदेशालय को भी दे दी है। इस परीक्षा की जांच में अब तक 60 अभ्यर्थी ऐसे आए हैं जिनके नकल कर पास होने की तस्दीक हो चुकी है। अंदेशा यह है कि कुल 914 पास अभ्यर्थियों में से 250 से अधिक ने या तो पेपर खरीद कर या किसी ओर माध्यम से नकल कर सफलता पाई है। इसके अलावा ग्राम पंचायत अधिकारी परीक्षा,  वन आरक्षी भर्ती परीक्षा, सचिवालय रक्षक भर्ती परीक्षा तथा  न्यायिक कनिष्ठ सहायक भर्ती परीक्षा पर भी रद्द होने का खतरा मडरा रहा है।