protest-to-kill-Leopard

पाबौ : पौड़ी जनपद के पाबौ ब्लॉक के कुलभौंरी गांव में बीते बुधवार को आदमखोर तेंदुए द्वारा  10 वर्षीय मासूम बच्ची को निवाला बनाये जाने के घटना को लेकर पूरे क्षेत्र के ग्रामीण आक्रोशित हैं। घटना से गुस्साए पाबौ ब्लॉक के कुलभौंरी, सरणा, कठुली, सपलोड़ी, चोपडियूं सहित आसपास के कई गाँवों के ग्रामीणों ने गुरुवार को बुआखाल-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चोपड्यिू में पास जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेंदुए को आदमखोर घोषित कर मार गिराने की मांग उठाई। इस दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आक्रोशित ग्रामीणों ने एसडीएम सदर मनीष कुमार व सीओ सदर अनिल कुमार जोशी का घेराव कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन तेंदुए दिखायी दे रहे हैं। जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। इसके बावजूद भी प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए कोई कदम नही उठाये जा रहे हैं। ग्रामीणों ने आदमखोर हो चुके तेंदुए को तत्काल मारे जाने का आदेश दिए जाने की मांग की। अधिकारियों द्वारा तेंदुए को आदमखोर घोषित करने तथा पकड़ने के लिए पिंजरा लगाकर शिकारी तैनात करने का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया।

बतादें कि बीते बुधवार शाम को कुलभौंरी गांव में अपनी माँ के साथ खेत में गई 10 वर्षीय बच्ची को तेंदुए ने निवाला बना लिया था। इससे पहले भी इस क्षेत्र में आदमखोर तेंदुए 3 लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं।

यह भी पढ़ें:

पौड़ी गढ़वाल: 10 वर्षीय बालिका को तेंदुए ने बनाया निवाला, क्षेत्र में दहशत