Bride goes missing after Mehndi ceremony

पौड़ी: पौड़ी गढ़वाल के एक गांव में शादी से एक दिन पहले दुल्हन लापता होने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक पौड़ी के एक गांव में एक युवती की शादी की तैयारियां चल रही थी। आज यानी बुधवार को रुद्रप्रयाग से बारात आने वाली थी। दुल्हन के जीजा का घर बारातियों के घर से नजदीक होने की वजह से शादी की रस्में जीजा के घर से की जा रही थी। सोमवार रात को मेहंदी की रस्म के दौरान युवती ने अपने होने वाले पति के नाम की मेहंदी अपने हाथ में लगवाई। मेहंदी के कार्यक्रम के बाद देर रात सभी लोग सोने के लिए चले गए। लेकिन इसीबीच हाथों पर मेहंदी लगी दुल्हन मंगलवार तड़के अचानक घर से लापता हो गई। युवती के घर से गायब होने की खबर से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने उसे हर संभावित जगहों पर खोजा, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया। साथ ही मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है।

जिसके बाद दुल्हन के जीजा ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस जीजा की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर दुल्हन की तलाश में जुट गई है। जीजा के मुताबिक सोमवार को दुल्हन की मेहंदी रस्म के बाद देर रात सभी लोग सोने के लिए चले गए। मंगलवार सुबह जब परिवार के लोग उठे तो देखा कि दुल्हन अपने कमरे में नहीं है। उसका फोन भी स्वीच ऑफ जा रहा है। उन्होंने बताया कि बुधवार को रुद्रप्रयाग से बारात आनी थी।

वहीँ पौड़ी कोतवाली के एसएसआई संतोष पैथवाल ने बताया कि दुल्हन के लापता होने पर जीजा की ओर से शिकायत मिलने पर गुमशुदगी दर्ज कर तलाश तेज कर ली गई है।