car-accident-near-kotdwara

कोटद्वार : कोटद्वार के नजदीक आज दोपहर करीब 12 बजे एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई है जबकि चार लोग घायल हो गए हैं। हादसा कोटद्वार के कौडिया चेकपोस्ट से करीब 2 किलोमीटर आगे उत्तर प्रदेश की सरहद में हुआ है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पौड़ी गढ़वाल के चौबट्टाखाल तहसील के अंतर्गत ग्राम चोपड़ा से  रविवार सुबह कुछ लोग अपने ही गांव के गम्भीर सिंह भण्डारी की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। इसबीच कोटद्वार का कौड़िया चेकपोस्ट पार करने के बाद करीब 2 किलोमीटर आगे सड़क पर बने गड्डे के कारण उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर कई बार पलट गई। हादसे की सूचना मिलने पर सभी घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया। परन्तु गंभीर रूप से घायल युवक दीपक सिंह गुंसाई की चिकित्सालय पहुंचने से पहले ही मौत हो गयी। जबकि अन्य चार घायलों हर्षपाल सिंह, दर्शन सिंह, ताजबर सिंह व चालक लक्ष्मण सिंह का कोटद्वार बेस चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। सभी लोग एक ही गांव के रहने वाले हैं।