पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में वाहन दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। आये दिन कहीं न कहीं से सड़क हादसों की दुखद खबरें सुनाई देती हैं। अभी हाल ही में पौड़ी जिले के बीरोंखाल क्षेत्र में एक बड़ा ही दर्दनाक बस हादसा हुआ था, जिसमे 33 लोगों की मौत हो गयी थी। इसीबीच आज सुबह पौड़ी कोटद्वार मोटरमार्ग पर परसुंडाखाल के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 30 मीटर नीचे खेतों में जा गिरी। इस हादसे में कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को जिला अस्पताल पौड़ी उपचार के लिए भेजा गया है।

जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब 9 बजे कार में सवार होकर पौड़ी से एक परिवार के तीन लोग दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान परसुंडाखाल के समीप कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। बताया गया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक महिला घायल हो गई। घायल महिला को जिला अस्पताल पौड़ी उपचार के लिए भेजा गया है।

पौड़ी कोतवाली से मिली जानकारी के मुताबिक दुर्घटना में वीर सिंह पंवार (62) पुत्र कोतवाल सिंह ग्राम बुंरासी तहसील पौड़ी निवासी और वीरा देवी (60) पत्नी सोबन सिंह गुसाईं ग्राम डूंगरी तहसील पौड़ी की मौत हो गई है। दोनों भाई बहन थे। जबकि वीर सिंह की पत्नी सुनीता पंवार दुर्घटना में घायल हो गई है। जिला अस्पताल पौड़ी में उनका उपचार चल रहा है।