youngest chess player Tejas Tiwari

Youngest Chess Player Tejas Tiwari: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को सचिवालय में हल्द्वानी निवासी सबसे कम उम्र के शतरंज खिलाड़ी तेजस तिवारी ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ की ओर से घोषित सबसे कम उम्र के शतरंज खिलाड़ी हल्द्वानी के तेजस तिवारी को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने तेजस को भविष्य में शतरंज़ के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने एवं उज्ज्वल भविष्य की अनंत शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज उत्तराखण्ड विभिन्न खेलों में देश का प्रतिनिधित्व कर रहा है, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।

बता दें कि हल्द्वानी निवासी साढ़े पांच साल के तेजस तिवारी विश्व के सबसे कम उम्र के फिडे रेटेड खिलाड़ी हैं। जून में निकली फिडे रेटिंग में उन्हें 1149वीं रेटिंग मिली है। अन्तर्राष्ट्रीय शतरंज महासंघ द्वारा तेजस तिवारी को सबसे कम उम्र का शतरंज खिलाड़ी घोषित कर सम्मानित किया गया है। इससे पहले वह उत्तराखंड के ”यंगेस्ट चेस प्लेयर” का खिताब हासिल कर चुके हैं।

पांच राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कर चुके हैं उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व

तेजस अब तक विजयवाड़ा आंध्र प्रदेश में 2022 में हुई राष्ट्रीय अंडर-8 शतरंज प्रतियोगिता, भुवनेश्वर ओडिसा, अहमदाबाद गुजरात में अंडर-7 शतरंज प्रतियोगिता, 2022 में नई दिल्ली में हुई सब जूनियर और 2023 में होसुर तमिलनाडु में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और गोल्डन बॉय का खिताब भी ले चुके हैं।