Home Guard Foundation Day 2022

Home Guard Foundation Day 2022: होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा संगठन के स्थापना दिवस पर आज 6 दिसम्बर 2022 को होमगार्ड मुख्यालय नानुरखेड़ा में उत्तराखण्ड सरकार द्वारा एक रैतिक परेड का आयोजन किया गया। रैतिक परेड में कुल 6 प्लाटूनें सम्मिलित हुईं जिनमें 5 सशस्त्र पुरूष तथा 1 सस्शत्र  महिला प्लाटून थी। परेड में गढ़वाल तथा कुमांऊ मण्डलों के जनपदों से आये हुए होमगार्ड्स सम्मिलित हुए। इस परेड के परेड कमाण्डर निर्मल जोशी, जिला कमाण्डेन्ट, रूद्रप्रयाग, सेकेन्ड इन कमाण्ड नितिन काकेरवाल, जिला कमाण्डेन्ट, अल्मोड़ा तथा परेड ऐडजूटेण्ट श्रीमती बबीता रावत, वैतनिक प्लाटून कमाण्डर, जिला प्रशिक्षण केन्द्र, श्रीनगर थी। कम्पनी कमाण्डर का कार्य चन्द्रकांत बिष्ट, वैतनिक निरीक्षक, हरिद्वार तथा चेतन मैठाणी, वैतनिक प्लाटून कमाण्डर, ऊधमसिंहनगर द्वारा किया गया। परेड मेजर का कार्य मुकुल राठी, ब्लाक आर्गनाईजर, ऊधमसिंहनगर द्वारा किया गया।

कमांडेंट जनरल केवल खुराना के साथ मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान नागरिक सुरक्षा संगठन की झांकी भी शामिल रही। वहीं, होमगार्ड जवानों ने कई तरह के करतब भी दिखाए। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होमगार्ड जवानों के लिए कई घोषणाएं की।

सीएम धामी ने की ये घोषणाएं

  1. उत्तराखण्ड राज्य के 10 जनपदों-ऊधमसिंहनगर, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, रूद्रप्रयाग, पौड़ी, उत्तरकाशी और टिहरी में महिला होमगार्ड्स स्वयंसेवकों की एक-एक महिला प्लाटून (कुल संख्या-330) पदों पर भर्ती की जाएगी।
  2. राज्य में एक जनपद से दूसरे जनपद में ड्यूटी व राज्य की सीमा में निर्वाचन ड्यूटी एवं रैतिक परेड में तैनात होने वाले होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को 180 रुपये प्रतिदिवस भोजन भत्ता प्रदान किया जाएगा।
  3. होमगार्ड्स की ड्यूटी के 24 घंटे के भीतर घायल/बीमार होने वाले होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को पूरे सेवाकाल में चिकित्सालय में भर्ती होने पर अधिकतम 06 माह तक ड्यूटी भत्ता प्रदान किया जाएगा।
  4. अवैतनिक प्लाटून कमांडर के मानदेय में 1000 से 1500 रुपये प्रतिमाह अवैतनिक सहायक कंपनी कमांडर के मानदेय में 1200 से 2000 रुपये प्रतिमाह एवं अवैतनिक कंपनी कमांडर के मानदेय में 1500 से 2500 रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी की जाएगी।