उत्तराखंड में विधानसभा चुनावों के टिकट बंटवारे को लेकर दोनों बड़ी पार्टियों कांग्रेस और भाजपा के अंदर असंतोष और बगावत जारी है। टिकट न मिलने से नाराज हुए दावेदारों को मनाना दोनों दलों के लिए नाकों चने चबाने जैसा हो रखा है। इसी का परिणाम है कि आज कांग्रेस पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता हरीश रावत की सीट बदल दी है। कांग्रेस ने एक ही नहीं बल्कि पांच सीटों पर टिकट बदले हैं।
कांग्रेस में आज अपने पहले से घोषित प्रत्याशियों की सूची में बड़ा बदलाव करते हुए एक नई लिस्ट जारी की है। जिसके अनुसार अब पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत लाल कुआं से चुनाव लड़ेंगे। पहले उन्हें नैनीताल जिले की रामनगर सीट से प्रत्याशी बनाया गया था। रामनगर सीट से अब पूर्व सांसद महेंद्र पाल सिंह को कांग्रेस का उम्मीदवार बनाया गया है। पहले महेंद्र पाल सिंह को कालाढूंगी से प्रत्याशी बनाया गया था। परन्तु अब कालाढूंगी से अब महेश शर्मा को मैदान में उतारा गया है। जबकि पूर्व विधायक रणजीत रावत सल्ट से चुनाव लड़ेंगे।
इसके अलावा पूर्व सीएम हरीश रावत की बेटी अनुपमा रावत को हरिद्वार ग्रामीण से प्रत्याशी बनाया गया हैं। वहीँ डोईवाला में मोहित उनियाल की जगह गौरव चौधरी को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है। ज्वालापुर से बरखा रानी की जगह रवि बहादुर को टिकट दिया गया हैं। रुड़की से यशपाल राणा को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया है।
वहीँ पौड़ी गढ़वाल की बहुचर्चित सीट चौबट्टाखाल से पार्टी ने केसर सिंह नेगी को टिकट दिया है। इसके साथ ही भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के चौबट्टाखाल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लग गया है।
देखें नई लिस्ट.