congress leader kishor upadhyay

उत्तराखंड में दोनों राष्ट्रीय पार्टियों में सियासी उठापटक जारी है. इसबीच कांग्रेस ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। इससे पहले भाजपा से उनकी नजदीकियों की खबरों के बीच पार्टी ने उन्हे पिछले दिनों सभी पदों से हटा दिया था। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक टिहरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा किशोर उपाध्याय को प्रत्याशी घोषित कर सकती है। जबकि टिहरी के वर्तमान भाजपा विधायक धन सिंह नेगी भी आज कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं। धन सिंह नेगी को कांग्रेस टिहरी विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर सकती है।

बता दें कि बीते दिनों प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व मंत्री किशोर उपाध्याय को भाजपा के नेताओं से मुलाकात करने पर पार्टी ने उन्हें प्रदेश समन्वय समिति के अध्यक्ष समेत पार्टी के सभी पदों से हटा दिया था। साथ ही इस मामले में आगे भी कार्रवाई के संकेत दे दिए थो। इस संबंध में प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने किशोर उपाध्याय को भेजे पत्र में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाए थे।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय भाजपा का दामन थाम सकते हैं। चर्चा है कि वे गुरुवार को भाजपा में शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा कि पार्टी उन्हें टिहरी से टिकट दे सकती है। कांग्रेस ने हाल में ही उपाध्याय को पार्टी के सभी पदों से हटा दिया था। तब से ही उनके भाजपा में जाने की चर्चा होती आ रही है, लेकिन उपाध्याय इससे इन्कार करते आए हैं।

इससे पहले बुधवार को बीजेपी नेता ओमगोपाल रावत ने भाजपा छोड़ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ओमगोपाल को प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलाई। कांग्रेस ने ओमगोपाल रावत को नरेंद्रनगर से प्रत्याशी बनाया है।