Congress workers protest at Pauri Collectorate

Pauri News: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था को लेकर आज पौड़ी कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत का पुतला दहन किया। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर करने की भी मांग की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा पौड़ी के दूरस्थ इलाकों में शिक्षा और स्वास्थ्य की हालत दिन प्रतिदिन डगमगा रही है। कुछ विद्यालयों में शिक्षक हैं, वहां भी छात्र संख्या लगातार घटती जा रही है। दूसरी ओर जहां छात्र छात्रों की संख्या अधिक है वहां पर शिक्षकों का अभाव है। शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के सरकार के तमाम वादे धरातल पर नहीं उतर पा रहे हैं। जिसके चलते लोगों को पलायन करना पड़ रहा है।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आंदोलन का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधा बुरी तरह से चरमरा चुकी है, जिसका खामियाजा प्रदेश वासियों को भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद नेगी ने कहा कि इसे लेकर सरकार को कई बार चेताया गया, लेकिन हालात जस के तस हैं। पुतला दहन करने वालों में विनोद दनौसी, भरत रावत, मनमोहन सिंह, मोहित सिंह, भाष्कर बहुगुणा, अनूप सिंह, अमन नेगी, आस्कर रावत, अंकित सुन्द्रियाल, महेश ढ़ौंढ़ियाल, नीलम रावत, अमन सिद्धिकी, राहत हुसैन, सुमन्त नेगी आदि उपस्थित थे।