बग्वाली पोखर: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद के अंतर्गत द्वाराहाट ब्लॉक के बग्वाली पोखर स्थित ग्रामसभा डोटलगांव में शुक्रवार को ‘सांस्कृतिक महोत्सव 2019’ का सफल आयोजन किया गया। महोत्सव में ‘रामगंगा सांस्कृतिक कला केंद्र, दिल्ली’ की टीम और स्थानीय कलाकारों द्वारा लोकगीत एवं हास्य नृत्य की विहंगम प्रस्तुति दी गई। महोत्सव मुख्यरूप से आगामी 5 जून को मनाये जाने वाले विश्व पर्यावरण दिवस पर केन्द्रित था। सांस्कृतिक महोत्सव का मुख्य उद्देश्य पहाड़ की लुप्त हो रही संस्कृति को जीवंत रखने एवं अपनी युवा पीढ़ी को पहाड़ी संस्कृति से रूबरू कराने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत डोटलगांव के उन बुजुर्गों को श्रृद्धांजलि देकर की गई जो अब इस दुनिया में नहीं हैं पर उनकी बदौलत आज गांव की एक संस्था ‘डोटलगांव सेवा समिति, दिल्ली’ फल फूल रही है. जिसे उन्होंने अपने कठिन परिश्रम से बनाया था। तत्पश्चात राष्ट्रगान, फिर सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की गई। रंगारग कार्यक्रम की शुरुआत डोटल गाँव के लोकगायक प्रताप शाही ‘टाईगर’ द्वारा गाये गए ‘हौसिया घुरूण हैगो’ लोकगीत के साथ की गेई। जिसे दर्शकों ने काफी सराहा। इसके बाद गांव के ही बच्चों द्वारा अपनी प्रस्तुतियां दी गई। सायं 6 बजे के बाद मशहूर लोकगायक गोपाल मठपाल की टीम ने वो समां बांधा कि दर्शक रात्रि 11 बजे तक अपनी जगह पर बैठने को मजबूर हो गए। लोकगायक गोपाल मठपाल व पहाड़ की विख्यात लोकगायिका व सुरों की मल्लिका सुश्री आशा नेगी के साथ-साथ लोकगायक अमित विधुड़ी, विक्की कुमार, कुन्दन आर्या तथा लोकगायिका कुमारी संगीता, पूजा गोस्वामी, प्रीति मठपाल आदि ने अपनी प्रस्तुतियां दी। नृत्य निर्देशन देवेंद्र शाह व मंच संचालन सूश्री भावना द्वारा किया गया। कार्यक्रम में ‘देवी बाराही’, ऋतु रैंण, झुमैला नृत्य, झोड़ा चांचरी, बैर भगनौल, हास्य नाटिका व अंत में नंदा देवी राजजात नृत्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
उपरोक्त सभी कार्यक्रम प्रवासी ग्रामवासियों द्वारा स्थापित सामाजिक संस्था ‘डोटलगांव सेवा समिति, दिल्ली (पंजीकृत)’ के तत्वावधान में आयोजित किये गये। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक महेश नेगी ने मुख्य अतिथि के तौर पर सिरकत की। इस अवसर पर स्थानीय विधायक महेश नेगी ने आश्वासन दिया कि गांव की कच्ची सड़क का शीघ्र ही डामरीकरण कराया जायेगा और गांव की पेयजल समस्या का भी शीघ्र ही समाधान किया जायेगा। समिति के प्रवक्ता प्रभाकर शाही ने बताया कि इस कार्यक्रम में सभी वरिष्ठ व युवाओं के साथ साथ होनहार बच्चों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के अलावा, क्षेत्र के सभी वरिष्ठ व कनिष्ठ लोग शामिल थे। समिति के अध्यक्ष नन्दन सिंह शाही व ग्रामप्रधान मदनमोहन सिंह ने बताया कि ग्रामसभा और सेवा समिति, दिल्ली मिलकर गांव के विकास और पलायन को रोकने पर कार्य कर रहे हैं। डोटल गाँव एवं क्षेत्रवासियों द्वारा ‘सांस्कृतिक महोत्सव 2019’ में लोकगायक गोपाल मठपाल की टीम की इस शानदार प्रस्तुति को काफी सराहा गया।