pithsain-village-pauri-garhwal

पौड़ी : महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पेशावर कांड के नायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की पुण्यतिथि पर कल यानी एक अक्टूबर को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पौड़ी गढ़वाल के पीठसैण गाँव पहुँच रहे हैं। उनके साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय पर्यटन मंत्री अजय भट्ट सहित गढ़वाल सांसद, प्रदेश के मंत्री और बीजेपी विधायक भी पीठसैंण पहुंचेंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर जौलीग्रांट से पीठसैंण के लिए एम-17 हैलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे। 11 बजकर 10 मिनट पर पीठसैंण पहुंचेंगे। यहां दोहपर 1 बजे तक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण करने सहित स्माकरण का लोकार्पण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

उल्लेखनीय है कि पौड़ी गढ़वाल के चौथान पट्टी का पीठसैंण गाँव पेशावर कांड के नायक एवं स्वाधीनता संग्राम सैनानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली का पैतृक गांव है। कल उनकी पुण्य तिथि पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा पेशावर कांड के नायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की भव्य मूर्ति का अनावरण एवं स्मारक का उद्घाटन, प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में किया जायेगा। आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री शहीद सैनिकों के परिजनों एवं वीर चंद्र गढ़वाली के परिजनों को भी सम्मानित करेंगे।

रक्षामंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने भी व्यस्वस्थाएं चाकचौबंद की हैं। पुलिस प्रशासन भी पीठसैंण पहुंच गया है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत वीर भूमि चौथान के सपूत वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की पुण्यतिथि पर होने वाले मूर्ति अनावरण एवं स्मारक के उद्घाटन कार्यक्रम का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पीठसैंण में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का अंतिम जायजा लिया। जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ विजय कुमार जोगदण्डे ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में उपस्थित होने वाले जनसमूह के लिए बैठने के लिए, पेयजल तथा अन्य व्यवस्थाओं को दुरस्त करना सुनिश्चित करें।

इस मौके पर दीन दयाल उपाध्याय योजना के लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही घस्यारी कल्याण योजना के लाभार्थियों को किट भी वितरण किया जाएगा। तत्पश्चात् समय 13:05 बजे (एम-17 हैलीकॉप्टर द्वारा) पीठसैंण हैलीपैड पौड़ी गढ़वाल से जौलीग्रांट एयरपोर्ट देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे।