Vidyadutt Raturi arrested

देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के क्लेमेंट टाउन थाना क्षेत्र में वाक एंड विन नशा मुक्ति केंद्र में लड़कियों से दुष्कर्म और छेड़छाड़ के आरोपी संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पिछले दो-तीन दिन से फरार चल रहे दुष्कर्म के आरोपी संचालक विद्यादत्त रतूड़ी को पुलिस ने रविवार रात ऋषिकेश रोड श्यामपुर से गिरफ्तार किया है। नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवतियों ने केंद्र के संचालक पर आरोप लगाया है कि वह उन्हें स्मैक देने का लालच देकर उनके साथ छेड़छाड़ व रेप करता है। इस मामले में नशा मुक्ति केंद्र की अध्यक्ष विभा सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसके पिता एयरफोर्स में कर्मचारी थे, वह उनके साथ कानपुर में रहता था। वहां से उसे शराब पीने की लत लग गई। टिहरी जिले में भी उसके एक महिला के साथ संबंध थे, जिसके चलते 2017 में उसके खिलाफ टिहरी में मुकदमा दर्ज किया गया था और इस मामले वहां जेल भी जा चुका है।

नशे का आदी होने के चलते उसके परिवार वालों ने परेशान होकर उसे वर्ष 2018 में नशा मुक्ति केंद्र एसजी फाउंडेशन सरस्वती विहार देहरादून में भर्ती कराया था। जहां पर अपने नशे के इलाज के दौरान ही उसने उसी नशा मुक्ति केंद्र में स्टाफ के रूप में काम करना शुरू कर दिया था।  वहां पर करीब 3 साल तक उसने स्टाफ में काम किया। वहीं उसकी मुलाकात विभा सिंह से हुई थी। जिससे उसकी अच्छी जान पहचान हो गई थी। जिसके बाद उसने और विभा ने मिलकर अपने नशा मुक्ति केंद्र खोलने का प्लान बनाया था। उन्होंने इसी वर्ष 2021 में माह फरवरी में प्रकृति विहार क्लेमेंटाउन में दो मंजिला भवन किराये पर लिया और अपना नशा मुक्ति केंद्र (वाक एंड विन सोबर लिविंग सेंटर) शुरू कर दिया।

केंद्र के निचले तल पर 17 युवक रखे थे, जबकि ऊपर पांच युवतियां रह रही थीं। हैरानी की बात यह है कि यहां न तो कोई चिकित्सक था और नहीं काउंसलर थे और न कोई मेडिकल की सुविधा थी। तो नशा आखिर छुड़वा कौन रहा था।

बता दें कि देहरादून के क्लेमेंट टाउन थाना क्षेत्र में वाक एंड विन नशा मुक्ति केंद्र में यह मामला तब सामने आया। जब बीते पांच अगस्त को इस केंद्र से चार युवतियां भाग गई थीं। सूचना मिलने पर पुलिस ने चारों युवतियों को एक होटल से सकुशल बरामद किया है। इस दौरान युवतियों ने पुलिस के सामने चौकानें वाला खुलासा किया। युवतियों ने आरोप लगाया कि नशा मुक्ति केंद्र के संचालक उनके साथ जबरदस्ती छेड़खानी व रेप करता है। इनमें से एक लड़की ने पुलिस को खुलकर आपबीती बताई। उसने पुलिस को बताया कि केंद्र का संचालक उन्हें ड्रग्स का लालच देकर उनसे दुष्कर्म करता है। जबकि, तीन ने छेड़छाड़ की बात कही। युवतियों का आरोप था कि वे संचालक की इस करतूत की शिकायत केंद्र संचालिका विभा सिंह से कई बार की। लेकिन केंद्र संचालिक विभा सिंह द्वारा ऐसा करने के लिए दबाव बनाया जाता था। युवतियों ने उस पर मारपीट का भी आरोप लगाया। जिसके बाद थाना क्लेमेंट टाउन पुलिस ने 6 अगस्त को संचालक विद्यादत व डायरेक्टर विभा सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर महिला (डायरेक्टर) को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि संचालक तभी से फरार चल रहा था। पुलिस ने आज विद्यादत्त रतूड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया है। जिसे अब कोर्ट में पेश किया जाएगा।