Dr.-Satish-Naithani

गढ़वाल के पंवार वंशीय राजाओं के सेनापति रहे वीर पुरिया नैथानी के वंशज डॉक्टर सतीश नैथानी सात समुंदर पार से जन्मदिन मनाने पौड़ी गढ़वाल के कल्जीखाल ब्लॉक के अपने पैतृक गांव नैथाना पहुंचे।

वीर पुरिया नैथानी की जन्मभूमि ग्राम नैथाना के मूल निवासी डॉ. सतीश नैथानी पिछले 50 वर्षों से लंदन में स्थायी रूप से निवास कर रहे हैं। पेशे से रसायन विज्ञानी (chemical scientist) डॉ. नैथानी 87 वर्ष की उम्र में भी स्वस्थ व ऊर्जावान हैं। उनके गाँव के लोग बताते हैं कि लंदन में रहने के बावजूद वे हर वर्ष गांव आते हैं, अपनी गढ़वाली बोली ऐसे बोलते हैं, मानो हमेशा गांव में निवास कर रहे कोई बोडाजी बतिया रहे हों।

डॉक्टर सतीश नैथानी ने अपने जीर्ण शीर्ण हो चुके पुश्तैनी घर को चाक-चौबंद कर स्थायी रूप से रहने लायक बना दिया है। अब वह वर्ष में काफी समय गांव में बिताने का इरादा रखते हैं। साथ ही गांव के देश-विदेश में रह रहे प्रवासियों को भी जड़ों की ओर लौटने का संदेश दे रहे हैं। वह अपने इस फैसले के पीछे निर्मल नैथानी के प्रयासों व सुझावों को अहम मानते हैं। गांव के सभी समाज के लोग इनके जन्मदिन पर शामिल हुए। उनको गांव में जन्मदिन मनाने और गाँव मे एक मकान बनाने के लिए प्रेरित करने वाले गांव के ही सेना से सेवानिवृत्त निर्मल नैथानी का उन्होंने आभार व्यक्त किया।