tendua-leopard-attacked-child

टिहरी: उत्तराखंड  के पहाड़ी जिलों में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता ही जा रहा है. ताजा मामला टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर क्षेत्र का है। यहाँ आबकी गांव में बुधवार रात को गुलदार ने घर के आंगन में अपने पोतों के साथ बैठी महिला पर अचानक हमला कर दिया। महिला अपने पोतों को बचाते हुए खुद गुलदार से भिड़ गई। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर सेंट रेफर कर दिया।

जानकारी के मुताबिक प्रतापनगर के आबकी गांव में बुधवार रात करीब नौ बजे चंद्रमा देवी (58) पत्नी अब्बल सिंह अपने घर के आंगन में अपने पोतों के साथ बैठी हुई थी। इसीबीच गुलदार ने घर की छत से छंलाग लगाकर उन पर हमला कर दिया। महिला अपने पोतों को बचाते हुए खुद गुलदार से भिड़ गई। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों के शोर मचाने पर गुलदार महिला को घायल कर भाग गया।

इसके बाद आनन-फानन में घायल महिला को सीएचसी चौड़ लमगांव लाया गया। जहां डॉक्टरों ने महिला को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया। परिजनों द्वारा घायल महिला को हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती करवाया है। जहां महिला की हालत खतरे से बाहर बताई है।

ग्रामीणों ने बताया कि प्रतापनगर क्षेत्र में दो माह पूर्व भी गुलदार ने क्षेत्र के बौसाड़ी गांव की एक महिला पर हमला कर घायल कर दिया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। वन विभाग की ओर से गांव में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया, लेकिन गुलदार पकड़ में नहीं आ पाया। गुलदार के हमले से क्षेत्र के लोगों दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि शासन प्रशासन व वन विभाग को चाहिए कि आदमखोर गुलदार की पहचान कर आदमखोर घोषित कर उसे मारने की परमिशन ली जाए।

रेंज अधिकारी मुकेश रतूड़ी का कहना कि गुलदार की लोकेशन ट्रेस करने के लिए आबकी गांव में कैमरे लगाये गये हैं, साथ ही पिंजरा लगाने की कार्यवाही भी की जा रही है, रात्रि गश्त हेतु गांव में वन विभाग की टीम को तैनात किया गया है।