श्रीनगर : विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस पर आज प्राथमिक शिक्षक संगठन विकासखंड खिर्सू, पौड़ी गढ़वाल द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर गढ़वाल में फलदार व शोभादार पौधे लगाए गए। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता जबर सिंह भंडारी, प्रदेश शिक्षक प्रवक्ता मनोज घिल्डियाल, प्राथमिक शिक्षा संगठन के संरक्षक धीरेंद्र घिल्डियाल तथा प्राथमिक शिक्षक संगठन के कोषाध्यक्ष आनंद सिंह पवार ने पर्यावरण संरक्षण की महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए जनहित में प्रत्येक विद्यालय व ग्राम पंचायतों में फलदार पौधे लगाने का लक्ष्य भी रखा।
सामाजिक कार्यकर्ता गबर सिंह भंडारी ने अपने संबोधन में कहा कि मात्र पेड़ लगाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि पेड़ों का प्रबंधन करना भी जरूरी है। प्रदेश प्रवक्ता शिक्षक नेता मनोज घिल्डियाल ने कहा कि प्लास्टिक का उपयोग ना किया जाए। प्लास्टिक पृथ्वी के लिए सबसे ज्यादा हानि पहुंचाता है।
संरक्षक धीरेंद्र घिल्डियाल ने कहा कि पृथ्वी का संरक्षण करना हम सबका धर्म है, कर्तव्य है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि जनहित में व्यस्तता होने के बावजूद भी समय निकाल कर पेड़ अवश्य लगाएं। वहीँ आनंद सिंह पवार ने इस अवसर पर सभी से आग्रह किया कि पर्यावरण संरक्षण में सभी लोगों की सहभागिता जरूरी है। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ नरेंद्र धनाई, तेज पाल शाह, सुरेश बहुगुणा, एमएस बिष्ट आदि उपस्थित रहे। इस मौके पर संगठन ने प्रधानाचार्य श्रीमती सुमन लता पवार का आभार व्यक्त किया।