महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में खिर्सू ब्लॉक के लगभग 50 गांवों की 8 टीमें भाग ले रही हैं।

पौड़ी जिले के अंतर्गत के खूबसूरत पर्यटक स्थल खिर्सू मे प्रथम तीलू रौतेली महिला फुटबॉल प्रतियोगिता की शुरूआत हो गई है। पौड़ी जनपद की वीरगंना तीलू रौतेली के नाम से शुरू हुई इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य लड़कियों मे खेल भावना का विकास करना है। क्षेत्र मे पहली बार लड़कियों के लिए स्वतन्त्र रूप से फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ है। यह आयोजन खिर्सू विकास समिति के बैनर तले हो रहा है। जिसमें क्षेत्र के वे लोग आर्थिक मद्द कर रहे हैं, जो अपने गांव छोड़कर दूसरे क्षेत्रों मे पलायन कर चुके हैं। इस फुटबॉल प्रतियोगिता मे खिर्सू ब्लॉक के लगभग 50 गांवों की 8 टीमें भाग ले रही हैं। इस आयोजन से क्षेत्र की लड़कियां खासी उत्साहित हैं, इसमे बढचढ कर भाग ले रही हैं। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रकृति पर्यावरण संस्थान की अध्यक्षा व समाज सेवी बीना चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के ग्रामीण आंचलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जब भी इन प्रतिभाओं को मंच मिला है, इन्होंने राज्य का नाम ही नहीं अपितु देश का नाम भी विश्व पटल पर ऊंचा किया है। उन्होंने इस तरह के आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए सफल आयोजन में हर संभव सहायता की बात कही। आयोजन समिति के अध्यक्ष शरद सिंह नेगी ने बताया कि यह अपनी तरह की पहली ऐसी प्रतियोगिता है जिसमें गांव की लड़कियां प्रतिभाग कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता से पहले खिर्सू ब्लॉक के अलग-अलग गांवों की लड़कियों को फुटबॉल का प्रषिक्षण दिया गया। जिसके बाद आठ टीमें तैयार की गयी हैं। अब इन टीमों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की गयी है। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच कोटगी व ग्वाड के मध्य खेला गया। जिसमें कोटगी ने 2-0 से यह मुकाबला अपने नाम किया। फुटबॉल प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रवासी उत्तराखंडी भी अपनी अहम भूमिका अदा कर रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर बृजमोहन उप्रेती, पृथ्वी रावत, भोपाल सिंह चैधरी, सुरेष बहुगुणा, रणवीर सिंह नेगी, अनिल बिष्ट, लक्ष्मण सिंह रावत प्रकाष सिंह आदि ने कार्यक्रम को सम्बोधित किया।