Harak Singh Rawat finally agreed after persuading CM Dhami

आखिरकार कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की अब धामी सरकार से न नाराजगी है न कोई शिकायत है। शनिवार शाम हरक सिंह रावत और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक ही टेबल पर साथ नजर आए। इस दौरान दोनों ने मिलकर नाश्ता भी साथ किया। खुशनुमा माहौल में कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और सीएम धामी हंसी ठिठोली भी करते दिखाई दिए। 24 घंटे से अज्ञातवास में रहे हरक सिंह रावत शनिवार शाम को मुख्यमंत्री निवास पर पुष्कर सिंह धामी से मिलने पहुंचे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और विधायक उमेश शर्मा काऊ भी थे। मुख्यमंत्री धामी ने कोटद्वार के मेडिकल कॉलेज के लिए 25 करोड़ की स्वीकृति प्रदान कर दी है। जिसके बाद हरक सिंह की नाराजगी दूर हो गई।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद कैबिनेट मंत्री हरक सिंह ने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें वह पुष्कर सिंह धामी की तारीफ कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के रविवार को उत्तराखंड दौरे से पहले भाजपा नेताओं ने नाराज हरक सिंह रावत को मना लिया है। हरक सिंह रावत आज जेपी नड्डा से भी मुलाकात कर सकते हैं।

बता दें कि कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और विधायक उमेश शर्मा काऊ शनिवार शाम को हरक सिंह रावत को समझा-बुझाकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलाने ले गए थे। मुख्यमंत्री से मिलने के बाद हरक सिंह के तेवर नरम पड़ गए हैं। फिलहाल भाजपा में सब ठीक होने का दावा किया जा रहा है।

शंभू नाथ गौतम