Vandana-Kataria-brand-ambassador-Uttarakhand

उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के रोशनाबाद गांव निवासी व टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की स्टार खिलाड़ी वंदना कटारिया को ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान’ की उत्तराखंड की ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। प्रदेश के खेल मंत्री डॉ. अरविंद पांडे ने आज वंदना कटारिया के घर पहुंच कर यह घोषणा की। वंदना कटारिया के घर पहुंचे उत्तराखंड के खेल मंत्री अरविंद पांडे ने वंदना की मां और भाई को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस मौके पर खेल मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने समूचे विश्व में भारत का मान बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि हमें वंदना पर नाज करना चाहिए। जिन्होंने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर समूचे विश्व में भारत का डंका बजाया है। उत्तराखंड सरकार की ओर से वंदना का जोरदार स्वागत किया जाएगा। उन्हें प्रदेश लौटने पर सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा। अरविंद पांडे ने कहा कि वंदना के घर तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के रोशनाबाद गांव निवासी वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम की ओर से खेलते हुए हैट्रिक लगाकर इतिहास रचा है। वंदना यह कारनामा करने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं।

इस मौके पर विधायक आदेश चौहान, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी आरसी त्रिपाठी, मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. आनंद भारद्वाज भाजपा नेता ओमप्रकाश जमदग्नि, जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील डोभाल, भाजपा नेता मास्टर सत्यपाल व राजकुमार कसाना आदि मौजूद रहे।