Namami Gange program

Srinagar News: भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के तत्वाधान में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन एवं राज्य परियोजना प्रबंधन ग्रुप के महत्वकांक्षी कार्यक्रम नमामि गंगे और अर्थ गंगा के अंतर्गत महाविद्यालय की आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ  एवं नमामि गंगे इकाई के संयुक्त तत्वाधान में राजकीय इंटर कॉलेज पलेठी  डोबल्यों में अपशिष्ट जल प्रबंधन विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी एवं राजकीय इंटर कॉलेज पलेठी के प्रधानाचार्य द्वारा दीप प्रज्वलित क किया गया।

इस मौके पर नमामि गंगे कार्यक्रम की नोडल अधिकारी शीतल वालिया द्वारा छात्र-छात्राओं को नमामि गंगे कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही नमामि गंगे के तहत संचालित की जा रही सीवेज उपचार संयंत्र, नदी सतह की सफाई, जैव विविधता संरक्षण, वृक्षारोपण, जन जागरूकता अभियान आदि गतिविधियों से छात्र छात्राओं को अवगत कराया गया। इस दौरान इंटर कॉलेज के छात्र छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किये गए।

डॉ गुरु प्रसाद थपलियाल ने अपशिष्ट जल प्रबंधन विषय पर अपने द्वारा किए गए अनुसंधान कार्य के आधार पर  छात्र-छात्राओं को अपशिष्ट जल का शोधन और उसे शुद्ध करके पुनः उपयोग के योग्य बनाने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। महाविद्यालय की प्राचार्य द्वारा छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा गया कि अपने पर्यावरण और जल संसाधनों के संरक्षण के लिए संकल्प धारण करते हुए इसके लिए हमें स्वयं से पहल करनी चाहिए।

नमामि गंगे परियोजना की जानकारी के साथ ही उन्होंने कहा कि जीवन में कठिन परिश्रम के माध्यम से आप किसी भी क्षेत्र में सफल हो सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में डॉ दिनेश नेगी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया गया। इसके बाद महाविद्यालय की प्राचार्य द्वारा कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को  प्रशस्ति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान करके उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज के अध्यापक, छात्र छात्राएं और राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग के छात्रसंघ अध्यक्ष अरविंद रावत एवं विश्वविद्यालय छात्र प्रतिनिधि नवीन कुमार आदि उपस्थित रहे।