Uttarakhand Khel Mahakumbh 2023: उत्तराखंड में आज से खेल महाकुंभ 2023 की शुरुआत हो गयीया है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने मंगलवार को हल्द्वानी के अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम गौलापार में खेल महाकुंभ 2023 का विधिवत शुभांरभ किया। न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित खेल महाकुंभ में हजारों की तादात में स्कूली बच्चे शामिल हुए। इस दौरान खेल मंत्री रेखा आर्य और विधायक डॉ मोहन बिष्ट भी मौजूद रहे।

उद्घाटन अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि बच्चों का खेलों से जुड़ना जरूरी है। इससे वो नशे से दूर रहेंगे और एक स्वस्थ और मजबूत समाज बनेगा। राज्यपाल ने उत्तराखंड खेल महाकुंभ में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ी छात्रों को शुभकामनाएं दी

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि पूरे प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर खेल महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इनमें राज्यभर में साढ़े चार लाख खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। न्याय पंचायत स्तर पर पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को पहली बार नकद धनराशि से पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के 96 विकासखंडों, 662 न्याय पंचायतों और सभी जिलों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जा रही हैं।

खेल महाकुंभ 2023 के अंतर्गत न्याय पंचायत, ब्लॉक, पोस्ट और जिला स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। 30 दिसंबर तक चलने वाली प्रतियोगिता का फाइनल देहरादून में होगा। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ में इस बार तीन नई स्पर्धाओं को शामिल किया गया है। इसमें पहाड़ के पारंपरिक खेल मुर्गा झपट, भारत के पारंपरिक खेल मलखंभ और अमेरिका के राष्ट्रीय खेल बेसबॉल को भी शामिल किया गया है।

खेल महाकुंभ में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, कराटे, फुटबाल, ताइक्वांडो, बॉस्केटबाल, वॉलीबाल, हॉकी, कुश्ती, निशानेबाजी, तीरंदाजी, भारोत्तोलन, पहाड़ के पारंपरिक खेल मुर्गा झपट, भारत के पारंपरिक खेल मलखंभ और अमेरिका के राष्ट्रीय खेल बेसबॉल को शामिल किया गया है। खेल महाकुंभ में इस बार राज्य स्तर पर ओपन आयु वर्ग की प्रतियोगिताएं रखी गई हैं।

इस अवसर पर कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, डीएम वंदना सिंह, डीआईजी योगेंद्र रावत, एसएसपी प्रह्लाद मीणा आदि मौजूद रहे।