श्रीनगर गढ़वाल: श्रीनगर निवासी मेजर दिग्विजय सिंह रावत को गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा देश के दूसरे सबसे बड़े वीरता पुरस्कार कीर्तिचक्र सम्मानित किये जाने पर श्रीनगर में खुशी की लहर है। 21 पैरा स्पेशल फ़ोर्सेज़ के ट्रूप कमांडर मेजर दिग्विजय सिंह रावत ने उग्रवाद ग्रसित मणिपुर में एक इंटेलिजेंस नेटवर्क खड़ा किया और घाटी में कई ऑपरेशन्स का सफल नेतृत्व किया। कर्तव्य के प्रति समर्पण, बेजोड़ वीरता, अदम्य साहस और सामरिक कौशल के लिए मेजर दिग्विजय सिंह रावत का नाम देश के दूसरे सबसे बड़े वीरता पुरस्कार, कीर्ति चक्र के लिए प्रस्तावित था।
श्रीनगर डांग निवासी मेजर दिग्विजय सिंह रावत गढ़वाल विश्विद्यालय श्रीनगर का छात्र रहा है। मेजर दिग्विजय के पिता दिगम्बर सिंह रावत गढवाल विश्वविद्यालय में खेल विभाग (स्पोर्ट कोच) में कार्य कर चुके है। मेजर रावत भारत की सबसे इलीट 21 बटालियन पैराशूट रेजीमेंट (स्पेशल फोर्स) में कार्यरत है। गणतंत्र दिवस पर जैसे ही उनका नाम सेना मेडल कीर्तिचक्र के लिए पुकारा गया, वैसे ही श्रीनगर वासियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। लोगों ने उनके पिता दिगम्बर सिंह रावत व माता विजयलक्ष्मी रावत को उनके डांग स्थित आवास मे जा कर बधाई दी। मेजर दिग्विजय सिंह रावत के पिता दिगम्बर सिंह रावत व माता विजयलक्ष्मी रावत ने बेटे को कीर्ति चक्र मिलने पर खुशी का इजहार करते हुये कहा कि यह उनके लिए बडे गर्व की बात है।
मेजर दिग्विजय सिंह की माताजी विजयलक्ष्मी रावत, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवप्रयाग में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। मेजर दिग्विजय की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, शिक्षक डॉ. शिवराज रावत, सेवानिवृत्त शिक्षक यशपाल सिंह रावत, रा. जू. हा. शिक्षक संघ पौड़ी के जिला मंत्री मुकेश काला, पूर्व मण्डलीय मंत्री शिवसिंह नेगी, शिक्षक राकेश नैथानी, शिक्षक संतोष पोखरियाल, शिक्षिका आशा नेगी सहित श्रीनगर वासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं।
मेजर दिग्विजय को देश का दूसरा सबसे बड़ा वीरता पुरुष्कार मिलने पर राजकीय इंटर कॉलेज नवाखाल के प्रधानाचार्य महेन्द्र सिंह नेगी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेजर दिग्विजय सिंह रावत डांग श्रीनगर में उनके समक्ष ही खेल कूदकर बड़े हुये और आज पूरे देश में श्रीनगर एवं उत्तराखंड का नाम रोशन किया। यह हमारे लिए अत्यन्त गर्व का विषय ‘है। मेजर दिग्विजय राष्ट्रीय स्तर पर लॉन टेनिस खेल में पहले भी श्रीनगर का नाम खेलकर रोशन कर चुके है। । देवभूमि संवाद की ओर से मेजर दिग्विजय एवं परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें।



