श्रीनगर गढ़वाल : श्रीनगर गढ़वाल के नजदीक कीर्तिनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मलेथा गाँव में शुक्रवार की रात घर के बरामदे में सो रही 31 वर्षीय युवती को तेंदुए ने अपना शिकार बना दिया। घटना बीती रात करीब 10: 30 बजे की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक ऋषिकेश-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलेथा स्थित पेट्रोल पंप के सामने बने घर के बरामदे में लेटी 31 वर्षीय युवती दुर्गा नेगी पुत्री स्व. मनवर सिंह नेगी पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। जबतक युवती संभल पाती तेंदुआ उसे घसीटते हुए खेतों की ओर ले गया। जिस समय तेंदुए ने हमला किया उस समय बाकी लोग घर के अन्दर ही थे। चीख पुकार सुनकर घर से बाहर निकले परिजनों ने शोर मचाया। और गांव के लोगों को एकत्रित कर इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गाँव के लोगों के साथ मिलकर युवती की खोजबीन शुरू की। जिसके बाद दुर्गा का शव सड़क से नीचे खेत के किनारे बनी नहर के पास मिला। शव को वन विभाग की टीम द्वारा रात को ही पोस्टमार्टम के लिए बेस हास्पिटल श्रीकोट ले जाया गया है। इस घटना के बाद से मलेथा गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण यहां पर पिंजरा लगाने की मांग कर रहे हैं।