OPS Maharally in Haldwani: 19 फरवरी को कुमाऊं के हल्द्वानी में होने वाली पुरानी पेंशन क्रांति महारैली के संबंध में राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी एवं कुमाऊं मंडल की कार्यकारिणी द्वारा एक समीक्षा बैठक गूगल के माध्यम से की गई। बैठक में महारैली को सफल बनाने पर विचार विमर्श किया गया। महारैली की तैयारियों से संबंधित समीक्षा करते हुए कुमाऊं के प्रभारी आनंद सिंह पुजारी ने बताया कि इस हेतु प्रशासन की परमिशन ले ली गई है।

महारैली के लिए सभी विभागों को प्रतिभाग करने हेतु सूचित कर लिया गया है।  रैली ठीक 11:00 बजे बैठक में इस बात पर भी रोष प्रकट किया गया कि सरकार पुरानी पेंशन बहाली के लिए गंभीर नहीं है। जहां एक ओर गैर-भाजपा शासित प्रदेशों में लगातार पुरानी पेंशन बहाल की जा रही है वहीं केंद्र सरकार लगातार देश की आर्थिक स्थिति एवं पुरानी पेंशन बहाल करने से दिवालिया होने की बात तक कह रही है। यह दोहरा मापदंड कैसे। जबकि पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है। सभी ने एक सुर से इस बात को माना कि एक नेशन एक पेंशन की व्यवस्था होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि नई पेंशन योजना में बहुत खामियां हैं। जिससे कि लगातार सरकारी कर्मचारियों में आक्रोश उत्पन्न हो रहा है। जहां सेवानिवृत्ति के अंतिम माह में कर्मचारी 80 से 90 हजार वेतन पा रहा है। वहीं सेवानिवृत्ति के अगले माह उसे मात्र 1000 से लेकर 2000 पेंशन मिल रही है। जिससे उसके सम्मुख आर्थिक संकट उत्पन्न हो रहा है तथा वह मानसिक कुंठा मे जी रहा है। वक्ताओं ने कहा कि सरकार को इस पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेना होगा अन्यथा पूरे देश में कर्मचारी 2024 लोकसभा चुनाव में अपना निर्णय देने को मजबूर होंगे और सरकार को उसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

वक्ताओं ने कहा कि सरकार उस उम्र में कर्मचारी को अकेला छोड़ रही है जबकि उसे सबसे अधिक पैसे की आवश्यकता होती है और सहारे की आवश्यकता होती है। बिना पेंशन के वह अपने बुढ़ापे को सही ढंग से नहीं बिता सकता है। ऐसी स्थिति में मात्र हजार या ₹2000 से उसे कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में 19 फरवरी को कुमाऊं के हल्द्वानी में होने वाली महारैली के माध्यम से सरकार को यह चेताने का का संकल्प लिया गया कि अब लड़ाई आर-पार की है। हमें पुरानी पेंशन से कम कुछ भी मंजूर नहीं। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा की एक ही मांग है पुरानी पेंशन बहाली।

बैठक की अध्यक्षता महिला प्रदेश अध्यक्षा बबीता रानी एवं प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष जयदीप रावत ने की। इस अवसर पर कुमाऊं प्रभारी आनंद सिंह पुजारी, रैली के प्रभारी मोहन सिंह राठौर, दीप जोशी, पान सिंह मेहता, प्रदेश प्रभारी विक्रम सिंह रावत, प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल, गढ़वाल मंडल मंत्री नरेश भट्ट, कुमाऊं मंडल के अध्यक्ष योगेश घिल्डियाल, गढ़वाल मंडल की महिला अध्यक्षा रश्मि गौड़, कंचन कुमार आर्य, सुरेन्द्र सिंह सोन, हिमेश सनवाल, हयात चन्द्र, भाष्कर पाण्डेय, गीता जोशी, गुंजन मेहता, शीतल साह,बंदना चौधरी, कन्नू जोशी, लक्ष्मण रौतेला, भगवान नैनवाल गिरीश जोशी, नन्दा बल्लभ जोशी, चन्द्र सिंह रौतेला, जय पाण्डेय, मनोज कुमार, टिका सिंह खोलिया सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।