old age home Malethi

सतपुली : सतपुली स्थित मलेठी में वृद्ध आश्रम में विधवाओं की पुत्रियों की भी सामूहिक शादियां होगी। उल्लेखनीय है कि सतपुली के नजदीक एकेश्वर विकास खण्ड के मलेठी में बेसहारा वृद्ध जनों के बेहतर जीवन यापन के लिए समाजसेवी ठाकुर सुंदर सिंह चौहान ने अत्याधुनिक सुविधा युक्त वृद्धाश्रम निर्मित किया। ज़रूरतमंद वृद्धजनो के लिए निर्मित इस आश्रम का लोकार्पण पूर्व में माता मंगला जी एवं भोले महारज ने किया था। वृद्धाश्रम संचालित के साथ-साथ वृद्ध आश्रम में गरीब विधवा महिलाओं की लड़कियों का विवाह करने का निर्णय लिया गया। जरूरतमंद लोगों की सेवा और अपने समाज उत्थान के लिए कृतसंकल्पित ठाकुर सुंदर सिंह चौहान ने बताया इस आश्रम के माध्यम से गरीब विधवा महिलाओं की दो बेटियों तक का विवाह करवाया जाएगा। बाकायदा इसके लिए सामाजिक एक बुद्धिजीवियों की एक सेवा समिति का गठन किया गया है। जो गरीब विधवाओं की पुत्री की शादी संपन्न करवाने में सहयोग करेगी और जरूरमंद लोगों का चयन भी स्वयं ही करेगी। यह सेवा समिति आश्रम के साथ संचालित होगी। ठाकुर सुंदर सिंह ने बताया जरुरतमंद गरीब महिलाओं की बेटियों के विवाह को करवाने के लिए अनुष्ठानिक कार्य से आश्रम में एक नई परम्परा का श्रीगणेश होगा। आश्रम में विवाह पारम्परिक रीति रिवाजों के अनुसार संपादित किया जाएगा। ठाकुर सुंदर सिंह चौहान समस्त समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, सरकारी तथा गैर सरकारी संस्थाओं से इस पुनीत कार्य मे सहभागिता बनने की अपील की। इस अवसर पर आश्रम की संचालिका सोनिया बिष्ट, समाजसेवी जगमोहन डांगी, पूर्व प्रधान माया देवी, समाजसेवी नीलम नेगी नीलकण्ठ आदि मौजूद थे।

देवभूमिसंवाद के लिए जगमोहन डांगी की रिपोर्ट