Meru Desh Bado Mahan Cha

श्रीनगर गढ़वाल : मेरु देश हे भारत को देखा जग मा बड़ो सम्मान चा…. मेरु देश बड़ो महान चा..। राजकीय इंटर कॉलेज धद्दी घंडियाल, बडियारगढ़ प्रार्थना सभा में गढ़वाली भाषा में देशगान गाया जा रहा है। विद्यालय के ही एक शिक्षक ने गढ़वाली भाषा को बचाने के लिए यह अनूठी पहल की है।

नयी पीढी को गढ़वाली बोली से जोडने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज धद्दी घंडियाल, बडियारगढ़ के रसायन विज्ञान के प्रवक्ता एवं गढ़वाली लेखक संदीप रावत ने एक बार फिर गढ़वाली भाषा में प्रार्थना तैयार की है। जिसका वाचन बच्चे प्रार्थना सभा में कर रहें है। उन्होंने गढ़वाली में एक नया देशगान तैयार किया है। इस देशगान को लिखने के साथ-साथ उन्होंने इसकी धुन को भी स्वयं तैयार किया है।

मेरु देश बड़ो महान चा नाम से इस समूह गान को विद्यालय की प्रार्थना सभा में गायन किया जा रहा है। इससे पहले भी शिक्षक संदीप रावत की गढ़वाली सरस्वती वंदनाएं भी गढ़वाल के साथ-साथ कुमाऊं के कई विद्यालयों की प्रार्थना सभा में हो रही हैं। शिक्षक संदीप रावत की इस पहल की अन्य शिक्षकों ने भी सरहाना की है।