राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा द्वारा नई पेंशन लागू दिवस यानी एक अक्टूबर (शुक्रवार) को काला दिवस के रूप में मनाएंगा। उल्लेखनीय है कि लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर एनपीएस कर्मचारी आंदोलित हैं। और अब इस आंदोलन को तेज धार देने के लिए कल यानी एक अक्टूबर को राज्य कर्मचारी नई पेंशन व्यवस्था को लागू किए जाने के दिन को काला दिवस के रूप में मनाएंगे।
कर्मचारियों का कहना है कि 1 अक्टूबर 2005 को राज्य कर्मचारियों की पुरानी पेंशन खत्म करके उन्हें नई पेंशन से आच्छादित किया गया था, जो बिल्कुल भी कर्मचारी के हित में नहीं है। इसलिए कर्मचारी एक अक्टूबर को काला फीता बांधकर कार्य करेंगे। साथ ही रात आठ से नौ बजे तक घरों की बिजली बंद कर विरोध जताएंगे।
मोर्चे के राष्ट्रीय पदाधिकारी आलोक पांडे ने कहा कि पुरानी पेंशन अब तक बहाल ना होना निराशाजनक है। संरक्षक कैलाश अंडोला ने बताया कि नई पेंशन योजना एक ऐसी योजना है, जिसको कार्मिक किसी भी हाल में स्वीकार नहीं कर सकते। जिलाध्यक्ष अनिल जोशी ने कहा कि आखरी सांस तक इस नई पेंशन योजना का विरोध जारी रखेंगे। महासचिव देवेंद्र मेहता ने कहा कि सरकार पुरानी पेंशन योजना को लागू करे। प्रदेश संयोजक मिलिद बिष्ट ने कहा कि अब निर्णायक समय है। कर्मी पीछे नहीं हटेंगे।