pahadi-party

पहाड़ी पार्टी 2022 मे 55 सीटों पर लडेगी चुनावl  हरिद्वार ओर उधम सिंह नगर मे नही लडेगी चुनावl

सतपुली : पहाड़ी पार्टी ने नगर पंचायत सतपुली स्थित एक रिसोर्ट  में प्रेस कांफ्रेस की, जिसमे युवाओं को पार्टी से जुड़ने तथा उत्तराखंड को नई दिशा और दशा सुधारने के लिए आगे आने को कहा गया।

प्रेस कांफ्रेंस में पहुंचे पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता, ब्लाक अध्यक्ष, पार्टी प्रत्याशियों ने अपने विचार रखे। इस मौके पर पहाड़ी पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता मंगत सिंह रमोला ने सतपुली में पहाड़ी पार्टी की प्रथम प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अन्य प्रदेशों में जहां क्षेत्रीय दल मजबूती से काम कर रहे हैं, वहीँ उत्तराखंड में एक भी  क्षेत्रीय दल धरातल में कार्य नहीं कर रहा है।  जिस कारण बारी-बारी भाजपा और कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टियों की सत्ता रही है, बीस सालों में गांव के गांव वीरान हो गये, मकान खंडहरों में तब्दील हो गये हैं, खेत बंजर हो गये हैं। जातिवाद, शराब व निजी स्वार्थ की राजनीति, पहाड़ी राज्य को बर्बाद कर गयी है। राष्ट्रीय पार्टियों ने निजी स्वार्थ की पूर्ति हेतु कई क्षेत्रीय दल पैदा कर असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है। इसलिए सशक्त राजनीतिक विकल्प देने के लिए ही पहाड़ी पार्टी का गठन किया गया है। आज पहाड़ी पार्टी जन-जन की पार्टी बन गई है, बहुत कम समय में हमें अपार जनसमर्थन मिला है और पहाड़ के भाई बहनों का आशिर्वाद मिल रहा है। 2022 में होने वाले चुनाव में पहाड़ी पार्टी 55 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। किसी भी दल से हम कोई गठबंधन नहीं करेंगे, पहाड़ वाद एक जूनून है, एक विचार धारा है, एक आंदोलन है। पहाड़ी पार्टी पहाड़ों में जनहित से जुड़े हुए हर मुद्दे को लगातार उठा रही है। बीस साल के भ्रष्टाचार ने उत्तराखंड राज्य में असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है, जिसका पहाड़ी पार्टी पुरजोर विरोध करती है।

चौबटटाखाल विधानसभा प्रत्याशी शैलेन्द्र सिंह रावत ने कहा की जितनी भी सरकारें आई सब ने सिर्फ अपना मतलब साधा है। और आज भी स्वरोजगार के नाम पर वोटों की राजनीति की जा रही है। उन्होंने आगे कहा आजकल दो ही शब्द सुनने को मिलते हैं पलायन और प्रवासी। हमने सोचा था कि हिमाचल की तर्ज पर उत्तराखंड का विकास होगा लेकिन राष्ट्रीय पार्टियों ने उत्तराखंड को बर्बाद कर दिया है। सरकार हर साल शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मदों में बजट बढाती तो है पर किसी भी प्रकार की कोई व्यवस्था नहीं करती। ये बजट वृधि सिर्फ नेताओं की जेब भरने के लिए ही रहती है।

इस दौरान मोती सिंह रावत द्वारा भाजपा से त्यागपत्र देकर पहाड़ी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की गई। मोती सिंह रावत ने कहा कि भाजपा ने हमें धोखे में रखा है व धरातल में कोई भी कार्य नहीं कर रही है।

इस अवसर पर मंगत सिंह रमोला केन्द्रीय प्रवक्ता, शैलेन्द्र सिंह रावत चौबटटाखाल विधानसभा प्रत्याशी, बिरेन्द्र कुमार परवाना  ब्लाक अध्यक्ष अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ, शिशुपाल सिंह रावत,  मोती सिंह रावत आदि उपस्थित रहे।

मनीष खुगशाल ‘स्वतन्त्र’