bus-accident-in-uttarkashi

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद से एक दर्दनाक बस हादसे की खबर आ रही है। रविवार करीब 12:15 बजे उत्तरकाशी के बड़कोट से विकासनगर जा रही एक बस डामटा के नजदीक गहरी खाई में जा गिरी। प्राप्त सूचना के अनुसार उत्तरकाशी के नौगांव से विकासनगर जा रही एक निजी बस के खाई में गिरने से 14 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 12 यात्री घायल हैं। घायलों को नजदीकी डामटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि हादसा रविवार दोपहर करीब 12:15 बजे यमुनोत्री हाईवे पर डामटा क्षेत्र के पास उस समय हुआ जब जानकीचट्टी से बड़कोट होते हुए विकासनगर को जा रही एक निजी बस अचानक डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में करीब 25 से ज्यादा लोग सवार बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बस गहरी खाई में गिरकर यमुना नदी के किनारे पहुंच गई। हादसे की खबर मिलते ही डामटा और नौगांव पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सूचना मिलने तक खाई से 9 शव निकाले जा चुके थे। सभी घायलों को बाहर निकालकर निकटवर्ती अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां 5 घायलों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। दुर्घटना में गम्भीर घायल लोगों को हेलीकाप्टर के माध्यम से एम्स, ऋषिकेश व जौलीग्रांट चिकित्सालय, देहरादून में भर्ती कराया गया है, जबकि 08 घायलों को एम्बुलेंस द्वारा उपचार हेतु देहरादून लाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना में अभी तक में 14 लोगों की मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई है, रेस्क्यू अभी जारी है। बस में 26 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।