kumkum-pant

पौड़ी गढ़वाल: दिल्ली स्थित न्यूजीलैंड दूतावास में बीते 11 अक्तूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में पौड़ी की छात्रा कुमकुम पंत एक दिन के लिए न्यूजीलैंड की राजदूत बनी। राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, तिमली, पौड़ी गढ़वाल की 12वीं की छात्रा कुमकुम पंत ने एक दिन के लिए न्यूज़ीलैंड की राजदूत बनकर उत्तराखंड में बालिकाओं की समस्याओं व प्रदेश में कृषि, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। दिल्ली में न्यूज़ीलैंड एक दिन की राजदूत का दायित्व निभाने के बाद सोमवार को पौड़ी वापस लौटी कुमकुम पंत का उनके विद्यालय में भव्य स्वागत किया गया। आपको बतादें कि कुमकुम राज्य बाल विधान सभा उत्तराखंड में गृहमंत्री भी है।

उल्लेखनीय है कि प्लान इंडिया और श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम विगत कई वर्षों से अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन करता रहा है। इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर 11 अक्टूबर को पौड़ी की बेटी कुमकुम पंत को एक दिन के लिए न्यूजीलैंड का राजदूत बनाया गया था। कुमकुम पन्त पौड़ी जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर  पाबौ ब्लॉक के भट्टी गांव की रहने वाली है। उनके पिता विपिन पंत शिक्षक हैं और मां पूनम पंत गृहणी।