Virendra Khankariyal Shailesh Matiani Award

पौड़ी गढ़वाल : उत्तराखंड में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले राज्य के 19 शिक्षकों का प्रतिष्ठित शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार-2018 के लिए चुना गया है। इस सूची में एक नाम पौड़ी जिले से शिक्षक वीरेन्द्र प्रसाद खंकरियाल का भी शामिल है। शिक्षक वीरेन्द्र खंकरियाल वर्तमान में पौड़ी जिले के कोट ब्लॉक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज खोलाचौंरी में गणित विषय में सहायक अध्यापक के रुप में अपनी सेवायें दे रहे हैं। पिछले 9 सालों में गणित विषय में उनके विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। शिक्षक वीरेन्द्र खंकरियाल गणित विषय को खेल-खेल और गीतों के माध्यम से रुचिकर बनाकर छात्र-छात्राओं को पढ़ाते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं में गणित को सरलतम विधि से समझाने हेतु गणित प्रयोगशाला का निर्माण किया है। ग्रामीण परिवेश वाले क्षेत्र में अधिक से अधिक बच्चे गणित को अपना पसंदीदा विषय बनाए, इसके लिए वे व्यक्तिगत सम्पर्क कार्यक्रम के तहत प्रत्येक माह में एक दिन अपने सेवित ग्रामों मे भ्रमण कर अभिभावकों से संवाद कायम करते हैं। और बच्चों के अध्ययन में आने वाली समस्याओं को समझने का प्रयास करते हैं। जिससे बच्चों और अभिभावकों में शिक्षा के प्रति साकारात्मक दृष्टिकोण और जागरूकता बढती है।

शिक्षा के अलावा शिक्षक वीरेन्द्र खंकरियाल अन्य सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़चढ़ कर प्रतिभाग करते रहे हैं। साहित्य में उनकी बाल कविताओं का संग्रह बचपन खिलने दो, कविता संग्रह गुंजन, पर्यटन पर आधारित पुस्तक, धार्मिक पर्यटन पौड़ी और आसपास प्रकाशित हुई है। शिक्षा विभाग की स्मारिका गढदेवा में सम्पादन मंडल के सदस्य, पौड़ी रामलीला के 113 वर्षो का इतिहास समेटे स्मारिका नमामि रामम् का संपादन, शिक्षा पर टीवी चैनलों का प्रभाव पर लघु शोधों का प्रकाशन हो चुका है। बेटी बचाओ अभियान के अंतर्गत पापा मैं जीना चाहती हूं, गीत की रचना कर जनजागृति वीडियो का निर्माण किया। जिसकी गायिका साक्षी डोभाल को बेटी बचाओ का ब्रांड अंबेसडर घोषित किया गया। सामाजिक सरोकारों व कविता  व रंगमंच से विगत 35 वर्षों से जुड़ाव है। शिक्षक वीरेन्द्र खंकरियाल को प्रतिष्ठित शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार-2018 के लिए चयनित किये जाने पर देवभूमिसंवाद की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

यह भी पढ़ें:

उत्तराखंड : शैलेश मटियानी पुरस्कार के लिए इन 19 शिक्षकों का हुआ चयन, यहाँ देखे पूरी लिस्ट