पौड़ी: पर्यटन नगरी पौड़ी में मंगलवार शाम को सात दिवसीय ग्रीष्मोत्सव का रंगारंग आगाज हो गया। क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी ने आयोजन का विधायक ने विधिवत उद्घाटन किया। ग्रीष्मोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या स्थानीय सांस्कृतिक संस्थाओं के नाम रही।
सात दिवसीय ग्रीष्मोत्सव के पहले दिन स्थानीय रामलीला मैदान में स्थानीय सांस्कृतिक संस्थाओं ने संयुक्त रुप से भव्य सांस्कृतिक संध्या का प्रदर्शन किया। गढ़ कला सांस्कृतिक संस्थान, परम पर्वतीय रंगमंच, गढ़ श्रेष्ठ लोक कला शैलजा सांस्कृतिक समिति, मोनिका ड्रीम पायल क्लब और गढ़ ज्योति सांस्कृतिक संस्था के कलाकारों ने भूम्याल देव कंडोलिया देवता की स्तुति से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके बाद एक -एक कर ग्वीराला फूल फुलीगे, डांडा बासी चल कुड़ी, घसियारी नृत्य सहित उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के लोकनृत्य ने रामलीला मैदान में समा बंधा। वहीं साक्षी डोभाल के गाये गीत बदरी केदार का दर्शन और मन भरमैगे को दर्शकों द्वारा खूब पसंद किया गया। सांस्कृतिक संध्या में संगीत पक्ष में तपेश्वर प्रसाद, विकास स्नेही, दीपक पंवार, भक्ति शाह, अभिनव जॉली, रोहित मंद्रवाल, भरत सिंह, नागेंद्र बिष्ट, रवि और अर्नव पोली थे। वहीं गायक की भूमिका में प्रेमबल्लभ पन्त, नरेंद्र धीमान, दिगम्बर धीमान, प्रीति कोहली, जयश्री रहे। जबकि नृत्य निर्देशन की जिम्मेदारी अंकित नेगी और गौरव गैरोला ने निभाई। वस्त्र सज्जा में रमन रावत रही।
कार्यक्रम संयोजन त्रिभुवन उनियाल का रहा। जबकि सांस्कृतिक संध्या का संचालन योगम्बर पोली ने किया। कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, लोकगायक अनिल बिष्ट, सुषमा रावत, नमन चन्दोला सहित संस्कृति प्रेमी मौजूद रहे।