shahid-suraj

जम्मू कश्मीर के राजौरी सेक्टर में माइन ब्लास्ट के दौरान उत्तराखंड के दो जवान शहीद हो गए हैं, जबकि इस घटना में दो अन्य जवान घायल हुए हैं। शनिवार को 10 गढ़वाल बटालियन के सुरजीत सिंह राणा और 8 कुमाऊं रेडीमेंट के जवान लांस नायक सूरज सिंह की कश्मीर बॉर्डर पर माइन ब्लास्ट की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। सुरजीत सिंह राणा चमोली जनपद के सियूंण गांव के रहने वाले थे, जो 10वी गढ़वाल राइफल में सेवारत थे।

वहीँ दूसरे शदीद सूरज सिंह, पुत्र नारायण सिंह अल्मोड़ा के जिगोनी तहसील के रहने वाले थे और 8 कुमाऊं रेडीमेंट के जवान थे। दोनों जवान जम्मू कश्मीर के राजौरी में एक अभियान के दौरान माइन ब्लास्ट की चपेट में आने से मौके पर ही शहीद हो गए।

शनिवार की सायं सैन्य अधिकारी की ओर से परिजनों को फोन पर सुरजीत सिंह राणा के शहीद होने की जानकारी दी।घटना की खबर मिलते ही सियूंण गांव में शोक की लहर फैल गई है। शहीद के पिता की 22 साल पहले ही मौत हो चुकी है। गांव में शहीद की मां विश्वेश्वरी देवी व भाई महावीर राणा रहते हैं। शहीद सैनिक की चार बहिनें भी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। सुरजीत सिंह राणा कुछ दिन पहले ही छुट्टी काटकर ड्यूटी पर लौटे थे। एक साल पहले सुरजीत की पत्नी का भी देहांत हो चुका था। उनके कोई बच्चे नही हैं। पूरा गांव शहीद  सुरजीत सिंह राणा के पार्थिव शरीर के पहुंचने पर अंतिम दर्शनों का इंतजार कर रहा है।