देहरादून : उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल व इंटर के परीक्षा परिणाम आज जारी हो गए हैं। कोरोना महामारी के चलते इस साल उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल व इंटर के परीक्षा परिणाम करीब एक से डेढ़ महीने देर से जारी हुए हैं। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने रामनगर में विद्यालयी शिक्षा परिषद सभागार में बुधवार को रिजल्ट की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस बार हाईस्कूल में एक लाख 13 हजार 191 और इंटर में 95,645 परीक्षार्थी पास हुए हैं।
इंटरमीडिएट में जसपुर की ब्यूटी वत्सल ने किया उत्तराखंड टॉप
इंटरमीडिएट में 96.60 फीसद अंकों के साथ ऊधमसिंह नगर के जसपुर की ब्यूटी वत्सल ने उत्तराखंड टॉप किया है। इंटर में 95.40 फीसद अंकों के साथ दूसरे स्थान पर नैनीताल जिले के युगल जोशी व तीसरे स्थान पर 95 फीसद अंकों के साथ पांच छात्र संयुक्त रूप से रहे। इनमें ऋषिकेश के राहुल यादव, टिहरी के सार्थक मैठाणी, रानीखेत के दीपक सती, नैनीताल के मुकेश उपाध्याय व चमोली के वैभव थपलियाल शामिल हैं।
इस बार कक्षा 12वीं का परिणाम पिछले साल के ज्यादा 80.26 प्रतिशत रहा। साल 2019 में यह परिणाम 80.13 प्रतिशत था। इस साल 12वीं में 83.63 फीसद बेटियों ने सफलता हासिल की है, जबकि 76.68 फीसद बालक उत्तीर्ण हुए हैं।
हाईस्कूल में टिहरी के गौरव सकलानी ने किया उत्तराखंड टॉप
वहीँ हाईस्कूल में 98.20 फीसद अंकों के साथ टिहरी के गौरव सकलानी ने उत्तराखंड टॉप किया है। हाईस्कूल में दूसरे स्थान पर 97.80 फीसद अंकों के साथ ऊधमसिंह नगर की जिज्ञासा और 97.60 फीसद अंकों के साथ तीन छात्र संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे, जिनमें पौड़ी की हिमानी रावत, रुद्रप्रयाग के तनुज डंगवाल और पिथौरागढ़ के ललित सिंह बिष्ट शामिल रहे।
इस बार रिजल्ट बोर्ड की वेबसाइट ubse.uk.gov.in पर जारी नहीं हुआ है क्योंकि यह वेबसाइट खराब है, जिसकी वजह से सिर्फ एनआईसी की वेबसाइट पर ही परीक्षा परिणाम देखा जा सकता है।
बता दें कि इस वर्ष हाईस्कूल में 1,47,588 और इंटर में 1,19,216 परीक्षार्थी शामिल हुए। छात्र अपना रिजल्ट इस वेबसाइट – uaresults.nic.in पर क्लिक कर आसानी से देख सकते हैं।
इंटरमीडिएट के टॉप 10 छात्र/छात्राएं
क्र.सं. | छात्र/छात्रा का नाम | क्षेत्र/जिला | कुल अंक |
1 | ब्यूटी वत्सल | जसपुर | 483 |
2 | युगल जोशी | नैनीताल | 477 |
3 | राहुल यादव | ऋषिकेश | 475 |
4 | सार्थक मैठानी | टिहरी | 475 |
5 | वैभव थपलियाल | चमोली | 475 |
6 | दीपक सती | अल्मोड़ा | 475 |
7 | मुकेश उपाध्याय | नैनीताल | 475 |
8 | आकाश | हरिद्वार | 474 |
9 | अर्पित त्रिपाठी | हरिद्वार | 474 |
10 | प्रशांत चमोली | टिहरी | 474 |
हाईस्कूल के टॉप 10 छात्र/छात्राएं
क्र.सं. | छात्र-छात्रा का नाम | क्षेत्र/जिला | कुल अंक |
1 | गौरव सकलानी | टिहरी | 491 |
2 | जिज्ञासा | काशीपुर | 489 |
3 | शिवानी रावत | दुगड्डा पौड़ी | 488 |
4 | तनुज जगवान | रुद्रप्रयाग | 488 |
5 | लक्षित सिंह बिष्ट | पिथौरागढ़ | 488 |
6 | आंचल | टिहरी | 487 |
7 | ओम प्रपन दीप | रुद्रप्रयाग | 487 |
8 | विवेक कुमार दिवाकर | काशीपुर | 487 |
9 | आकाश कुमार | हरिद्वार | 486 |
10 | सुमित राणा | टिहरी | 486 |