IAS and IPS Transfer in Uttarakhand: उत्तराखंड के तीन जिलों में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सहमति के बाद उत्तराखंड सरकार ने पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के जिलाधिकारी और पौड़ी व चमोली के पुलिस कप्तान बदल दिए हैं।

सरकार ने पौड़ी गढ़वाल के जिलाधिकारी विजय कुमार जोगदांडे और पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह को हटा दिया है। दोनों अफसरों को बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है। आशीष चौहान को पौड़ी जिले का नया डीएम और श्वेता चौबे को एसएसपी बनाया गया है। इस बदलाव को अंकिता भंडारी हत्याकांड और बस हादसे में प्रशासनिक लापरवाही से जोड़कर देखा जा रहा है। दरसल अंकिता भंडारी हत्याकांड के बाद से ही पौड़ी के डीएम और कप्तान के तबादले के कयास लगाये जा रहे थे। आरोपी के रिजोर्ट में बुल्डोजर चलाने को लेकर पौड़ी के जिलाधिकारी की प्रतिक्रिया से सरकार को असहज होना पड़ा था। डीएम ने रिजोर्ट पर कार्रवाई को लेकर अनभिज्ञता जाहिर की थी, हालांकि बाद में उन्होंने अपना बयान बदल लिया था। उनके बयान के आधार पर विपक्ष ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला था।

इसके अलावा पौड़ी के जिलाधिकारी को हटाने के पीछे बरात बस हादसे में प्रशासनिक राहत में देरी को भी माना जा रहा है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बस हादसे में मृतकों के आश्रितों और घायलों को तत्काल सहायता राशि देने के आदेश दिए थे। लेकिन 21 दिन बाद उन्हें सहायता राशि बांटी गई। बताया जा रहा है कि इन दोनों ही मामलों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खासे नाराज थे। डीएम और कप्तान को हटाने की चर्चाएं लगातार गरमा रही थीं।

अपर सचिव कार्मिक ललित मोहन रयाल ने शुक्रवार को तबादला आदेश जारी किए। आदेश के मुताबिक पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष कुमार चौहान को पौड़ी का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। जबकि उनकी जगह बागेश्वर की जिलाधिकारी IAS रीना जोशी को पिथौरागढ़ भेजा गया है। वहीं पिथौरागढ़ में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात IAS अनुराधा पाल को बागेश्वर का जिलाधिकारी बनाया गया है।

वहीं, चमोली की पुलिस कप्तान आईपीएस श्वेता चौबे को पौड़ी गढ़वाल का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं एसएसपी पौड़ी की जिम्मेदारी संभाल रहे आईपीएस यशवंत सिंह चौहान को भी प्रतीक्षारत रखा गया है। इस बाबत उप सचिव गृह विजय कुमार ने तबादला आदेश जारी किया है।

डॉ विजय कुमार जोगदंडे 12 फरवरी 2021 को पौड़ी के डीएम बने थे। डीएम डॉ जोगदंडे ऐसे अफसर रहे जिन्होंने अपना 20 महीने का पूरा कार्यकाल मुख्यालय पौड़ी में ही गुजारा।