soldier-yamuna-prasad

हल्द्वानी : उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के ओखलकांडा ब्लॉक के पदमपुर मीडार निवासी कुमाऊं रेजिमेंट के जवान यमुना प्रसाद पनेरू बृहस्पतिवार रात जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में गस्त के दौरान बर्फ में फिसलकर शहीद हो गए। 6th कुमाऊं रेजिमेंट के जवान यमुना प्रसाद पनेरू इन दिनों जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा इलाके में सीमा पर तैनात थे। जानकारी के मुताबिक पेट्रोलिंग के दौरान बर्फ से ढकी चोटियों पर अपनी टीम को रेस्क्यू करते वक्त उनका पैर फिसला और वह गहरी खाई में गिर गए और शहीद हो गए। शहीद जवान यमुना प्रसाद ने 2012 में एवरेस्ट फतह की थी। शहीद यमुना प्रसाद पनेरु 38 वर्ष की उम्र देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए हैं, वे तीन भाइयों में मंझोले थे।

उनका परिवार वर्तमान में हल्द्वानी के गोरापड़ाव में रहता है। उनके भाई ने बताया कि यमुना प्रसाद वर्ष 2001 में 6th कुमाऊं रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। शहीद के परिवार मैं उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है, जिसकी उम्र 7 साल और 3 साल है। यमुना प्रसाद पनेरू के शहीद होने की खबर लगते ही उनके परिवार सहित पूरे क्षेत्र की ग्रामीणों में शोक की लहर फ़ैल गई। भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने शहीद के घर पहुंचकर की शोक संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सूबेदार यमुना प्रसाद पनेरू की शहादत को किया नमन 

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने 6 कुमाऊँ रेजीमेंट के हल्द्वानी निवासी सूबेदार यमुना प्रसाद पनेरू की जम्मू-कश्मीर में  ड्यूटी का निर्वहन के दौरान शहादत को नमन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीद के परिवार जनों के साथ है। सूबेदार यमुना प्रसाद पनेरू जम्मू-कश्मीर मे गुरूवार रात्रि पेट्रोलिंग करते हुए शहीद हो गए थे।